रूसी सेना ने मंगलवार को यूक्रेन में पिछले एक साल से भी ज्यादा समय में अपनी सबसे बड़ी 24 घंटे की बढ़त दर्ज की है. यह बढ़त ऐसे समय में हुई है जब शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात अलास्का में होने वाली है. एएफपी ने अमेरिका स्थित इंस्टिट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर के आंकड़ों के आधार पर बताया कि 12 अगस्त को रूसी सेना ने 110 वर्ग किलोमीटर (42.5 वर्ग मील) क्षेत्र पर कब्जा किया या दावा किया, जो पिछले दिनों की तुलना में सबसे बड़ा इजाफा है. इससे पहले मई 2024 के अंत में इतनी बड़ी एक दिन की बढ़त दर्ज हुई थी.
खास बात यह है कि ट्रंप-पुतिन की मीटिंग में इस बात की चर्चा भी होगी कि रूस ने यूक्रेन के जिन हिस्सों में कब्जा कर लिया है, उस पर मॉस्को का ही कब्जा रहेगा. हालांकि, जेलेंस्की इस पक्ष में नहीं हैं.
तेज हुई रूसी प्रगति
हाल के महीनों में रूस को इतनी बढ़त हासिल करने में आमतौर पर पांच से छह दिन लगते थे, लेकिन हाल में उसकी प्रगति तेज हुई है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने स्वीकार किया कि डोब्रोपिलिया नामक पूर्वी कोयला खनन शहर के पास रूसी सेना 10 किलोमीटर (छह मील) तक आगे बढ़ी है, हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही उन्हें नष्ट कर दिया जाएगा. रूस ने बुधवार को दावा किया कि उसने डोब्रोपिलिया के पास दो गांवों पर कब्जा कर लिया है.