रूसी तेल खरीद को लेकर भारत पर लगा 25% टैरिफ कब हटाएगा अमेरिका? डोनाल्ड ट्रंप के करीबी ने दिया ये जवाब


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए 50 परसेंट टैरिफ को कम करने को लेकर बड़ा बयान दिया है. वित्त मंत्री ने संकेत दिया है कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व वाला अमेरिकी प्रशासन भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ में से आधे को वापस लेने पर विचार कर सकता है. उन्होंने इसका कारण पिछले कुछ महीनों में रूस से कच्चे तेल की भारत की खरीद में आई तेज गिरावट को बताया है.

भारत पर 25% टैरिफ में ढील देने की परिस्थितियां बनी हैं: बेसेंट

अमेरिकी न्यूज आउटलेट पॉलिटिको को दिए एक इंटरव्यू में वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि रूसी तेल आयात को कम करने के लिए भारत के कदम से भारतीय सामनों पर लगाए गए कम से कम 25 प्रतिशत टैरिफ में ढील देने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं.

उन्होंने कहा, ‘अमेरिका ने भारत पर दो चरणों में टैरिफ लगाए थे, जहां पहला 25 प्रतिशत टैरिफ दोनों देशों के बीच कथित व्यापार असंतुलन को लेकर लगाया गया था. वहीं, रूस से कच्चे तेल की खरीद को लगातार जारी रखने के चलते अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत का टैरिफ सजा के तौर पर लगाया था.’ यह कदम ऐसे समय में उठाया गया था, जब वॉशिंगटन मॉस्को पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा था.

रूस से भारत के तेल खरीद पर क्या बोले वित्त मंत्री?

वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने पॉलिटिको से कहा, ‘भारत पर लगाया गया हमारा 25 प्रतिशत टैरिफ बेहद सफल रहा है. भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद लगभग खत्म हो गई है. हालांकि, टैरिफ अभी भी लागू है, लेकिन मुझे लगता है कि अब इन्हें हटाने का रास्ता निकल सकता है.’

EU के भारत के साथ ट्रेड डील पर बोले स्कॉट बेसेंट

उन्होंने यह भी दावा किया कि यूरोपीय संघ (EU) ने भारत पर टैरिफ इसलिए नहीं लगाए, क्योंकि वह नई दिल्ली के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता करना चाहता है. इसके साथ ही, उन्होंने यूरोप की आलोचना करते हुए कहा कि वह भारत से रिफाइन्ड ऊर्जा उत्पादों की खरीदारी कर रहा है, जिसे उन्होंने बेवकूफी करार दिया.

भारत ने रूस से तेल लेना बंद कर दिया: बेसेंट

अमेरिकी वित्त मंत्री बेसेंट ने पिछले हफ्ते स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दौरान फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में कहा कि दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक भारत ने रूस से तेल की खरीद में उल्लेखनीय कमी की है.

उन्होंने दावा कि संघर्ष के शुरू होने के बाद भारत ने रूस से कच्चे तेल को खरीदना शुरू किया था, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने उस पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया. इसके बाद भारत ने धीरे-धीरे अपनी खरीदारी को कम कर दिया और अब उसने रूस से तेल लेना बंद कर दिया है.

यह भी पढ़ेंः Bangladesh elections 2026: बांग्लादेश चुनाव से पहले ‘जमात’ पर अमेरिका की नजर, जानें क्यों भारत की बढ़ सकती है टेंशन?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *