अमेरिका ने वेनेजुएला पर आधी रात एयरस्ट्राइक कर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पत्नी समेत गिरफ्तार कर लिया है. यूएस की इस सैन्य कार्रवाई को यूरोपीय देश सही ठहरा रहे हैं, वहीं रूस और ब्राजील ने इसकी आलोचना की है. अब इस पर कम्युनिस्ट देश चीन का भी रिएक्शन सामने आया है.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका द्वारा एक संप्रभु देश के खिलाफ एयरस्ट्राइक और उसके राष्ट्रपति के खिलाफ की गई कार्रवाई से वह स्तब्ध है. साथ ही यूएस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है. चीन ने कहा, ‘अमेरिका के ऐसे वर्चस्ववादी कृत्य अंतरराष्ट्रीय कानून और वेनेजुएला की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन करते हैं. साथ ही लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा हैं. चीन इसका कड़ा विरोध करता है.’
China is deeply shocked by and strongly condemns the U.S.’s blatant use of force against a sovereign state and action against its president.
Such hegemonic acts of the U.S. seriously violate international law and Venezuela’s sovereignty, and threaten peace and security in Latin… pic.twitter.com/wjfRMhvNKP
— CHINA MFA Spokesperson 中国外交部发言人 (@MFA_China) January 3, 2026
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों एवं सिद्धांतों का पालन करने तथा अन्य देशों की संप्रभुता एवं सुरक्षा का उल्लंघन बंद करने का आह्वान करते हैं.’
संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र महासभा के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने वेनेजुएला में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई पर चिंता जताई है. यूएन प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा, ‘महासचिव संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित सभी देशों द्वारा अंतरराष्ट्रीय कानून का पूर्ण सम्मान करने के महत्व पर लगातार जोर दे रहे हैं. वे इस बात से बेहद चिंतित हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का सम्मान नहीं किया गया है.’
अमेरिका की कार्रवाई पर ब्राजील ने क्या कहा?
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा, ‘वेनेजुएला की धरती पर बमबारी और उसके राष्ट्रपति की गिरफ्तारी वेनेजुएला की संप्रभुता पर सबसे गंभीर हमला है. ऐसा करके पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए एक और बेहद खतरनाक मिसाल कायम किया गया है. यह कार्रवाई लैटिन अमेरिका और कैरेबियन की राजनीति में हस्तक्षेप के सबसे बुरे क्षणों की याद दिलाती है.’