- ला गुआइरा सबसे ज़्यादा प्रभावित; स्थानीय, अंतरराष्ट्रीय टीमें बचाव में जुटीं।
वेनेजुएला में विनाशकारी जुड़वा भूकंप को आए अब तक 30 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन फिर भी धराशाई हो चुकी इमारतों के मलबों से नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. इन दो शक्तिशाली भूकंपों की वजह से वेनेजुएला में मरने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है.
देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज ने शुक्रवार (26 जून, 2026) की सुबह बताया कि अब तक 589 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2,980 लोग हादसे में घायल हुए हैं. इसके अलावा, स्थानीय बचाव दल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय रेस्क्यू टीम भी राहत और बचाव के काम में जुटी हुई है.
भूकंप का सबसे ज्यादा असर ला गुएरा पर पड़ा- रॉड्रिगेज
Imágenes aéreas de La Guaira. Terremoto en #Venezuela. No para de sorprender tanta tragedia. 🚨🆘‼️ pic.twitter.com/8tV85HNrle
— Cristian Crespo F. 🇨🇺 (@cristiancrespoj) June 25, 2026
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला के सरकारी और सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज ने कहा कि इस वक्त सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है. हम मलबों के नीचे दबे और फंसे हुए लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं और हम इस काम में अपनी पूरी जान लगा रहे हैं.
उन्होंने कहा, ‘बुधवार (24 जून, 2026) की शाम में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले दोहरे भूकंप का सबसे ज्यादा भयानक असर वेनेजुएला के तटीय राज्य ला गुएरा पर पड़ा है. उस पूरे इलाके को मिलिट्री कंट्रोल में ले लिया गया है और रेस्क्यू टीमें लगातार जिंदा बचे लोगों की तलाश करने और उन्हें खाना और पानी मुहैया कराने में जुटे हुए हैं.’
हजारों लोगों के लापता होने की सूचना, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हालांकि, अभी भी इस विनाशकारी प्राकृतिक आपदा से मरने वालों की गिनती में और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है. दोहरे भूकंप की घटना के बाद हजारों लोगों के लापता होने की सूचना है. ऐसे में राहत और बचाव के काम में लगी टीमें ढही हुई इमारतों के मलबों के नीचे से लोगों को ढूंढकर उन्हें बाहर निकालने के काम में लगी हुई हैं.
यह भी पढ़ेंः चमत्कार! वेनेजुएला में भूकंप की तबाही के बाद मलबे से जिंदा निकले 82 साल की महिला और बच्चा