सोमनाथ मंदिर में मनाया जा रहा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’, अमित शाह ने शेयर किया वीडियो, देशवासियों से की अपील


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

साल 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले बड़े हमले के 1,000 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार (8 जनवरी, 2026) से रविवार (11 जनवरी, 2026) तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (11 जनवरी, 2026) को इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (8 जनवरी) को सोमनाथ मंदिर की भव्यता और आकर्षण को प्रदर्शित करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है.

अमित शाह ने एक्स पर शेयर किया वीडियो

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से 8 से 11 जनवरी तक सोमनाथ में मनाए जा रहे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व से जुड़ने की अपील की. गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सोमनाथ महादेव मंदिर ज्योतिर्लिंग होने के साथ-साथ सनातन संस्कृति व आध्यात्मिक गौरव की अक्षुण्ण विरासत भी है. उन्होंने कहा कि बीते हजार वर्षों में इस मंदिर पर कई हमले हुए, लेकिन यह हर बार उठ खड़ा हुआ. यह हमारी सभ्यतागत अमरता और कभी हार न मानने की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है. इसे मिटाने की कोशिश करने वालों के नामो-निशान मिट गए, लेकिन यह मंदिर आज और भी वैभवता के साथ खड़ा है.

उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिकता बताती है कि ऐसे हमले हमें क्षति पहुंचा सकते हैं, लेकिन मिटा नहीं सकते, क्योंकि हर बार और भी भव्यता और दिव्यता के साथ उठ खड़ा होना सनातन संस्कृति की मूल प्रवृत्ति है.

अमित शाह ने देशवासियों से की ये अपील

अमित शाह ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के एक हजार वर्ष होने पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाने का निर्णय लिया है, ताकि हमारी भावी पीढ़ी तक सनातन संस्कृति की अविरलता और जीवटता का संदेश पहुंचाया जा सके.’ उन्होंने कहा, ‘मेरा सौभाग्य है कि मैं इस पवित्र मंदिर का ट्रस्टी हूं. मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि आप भी आज से 11 जनवरी तक चलने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व से जुड़ें.’

वीडियो में दिखा सोमनाथ मंदिर पर हमले का नजारा

गृह मंत्री अमित शाह की ओर से एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए वीडियो में दिखाया गया कि कैसे सोमनाथ मंदिर पर विदेशी आक्रांताओं ने बार-बार हमले किए, कैसे मंदिर को बार-बार लूटा गया और उसको मिटाने का प्रयास किया गया, लेकिन सनातन की आस्था के प्रतीक सोमनाथ मंदिर ने हर बार विदेशी हमलावरों के इरादों पर पानी फेर दिया.

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाने के लिए गुजरात के सोमनाथ मंदिर में सालभर कई कार्यक्रम होंगे. अधिकारियों ने सोमवार (5 जनवरी, 2026) को बताया कि 8 से 11 जनवरी तक मंदिर परिसर में कई आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रम होंगे.

यह भी पढ़ेंः Dipu Das Murder: बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या का मुख्य आरोपी अरेस्ट, पुलिस बोली- इसी ने भीड़ को उकसाया





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *