‘हमें भारत की सिक्योरिटी पर पूरा भरोसा’, नेतन्याहू का दौरा स्थगित होने पर बोला इजरायल



इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का भारत दौरा स्थगित होने के बाद तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ खबरों में दावा किया गया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कारणों से अपनी प्रस्तावित भारत यात्रा स्थगित कर दी है. इजराइल ने मंगलवार (25 नवंबर, 2025) को इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने खुद कहा है कि उन्हें भारत की सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और दोनों पक्ष यात्रा की नई तारीखों पर समन्वय कर रहे हैं. इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लेकिर एक पोस्ट भी किया है. पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ इजराइल का रिश्ता और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच रिश्ता बहुत मजबूत है.’

पोस्ट में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू को पूरा भरोसा है और टीम पहले से ही नई यात्रा तिथि पर समन्वय कर रही हैं.’ इजराइली मीडिया के एक धड़े ने खबर दी थी कि नेतन्याहू 2018 के बाद भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए दिसंबर में नई दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के लाल किले के पास हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा चिंताओं के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई है.

पूरे मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ये खबरें महज ‘अटकलबाजी’ पर आधारित हैं और ये ‘भ्रामक’ हैं. उन्होंने कहा कि बेंजामिन नेतन्याहू की यात्रा के लिए पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीखों को अंतिम रूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार बेंजामिन नेतन्याहू साल के आखिर में भारत आने की योजना बना रहे थे. हालांकि, यह इस साल तीसरी बार है जब उन्होंने अपना भारत का दौरा कैंसिल किया है. वह 2018 में आखिरी बार भारत आए थे. इस दौरान वह 14 जनवरी से 19 जनवरी तक छह दिन भारत में रहे थे और यह उनका भारत का दूसरा दौरा था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *