होर्मुज से हटेगी नाकेबंदी, तेहरान रोकेगा परमाणु संवर्धन… इन शर्तों के साथ वॉर खत्म के करीब पहुंचा यूएस-ईरान


अमेरिका और ईरान के बीच महीनों से चले आ रहे सैन्य तनाव के बीच अब स्थाई शांति पर सहमति बन सकती है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की मध्यस्थता से चल रही अमेरिका-ईरान वार्ता युद्ध समाप्त करने के लिए एक मसौदे के समझौते के करीब पहुंची है. मसौदे के अनुसार लड़ाई रोक दी जाएगी, कड़ी निगरानी में ईरान के परमाणु संवर्धन पर रोक लगा दी जाएगी. इसके अलावे अमेरिका की ओर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी और होर्मुज में जहाजों का आवागमन फिर से शुरू हो जाएगा.

अगले 48 घंटों में हो सकता है समझौता

ईरान से 48 घंटों के भीतर जवाब देने की उम्मीद है, लेकिन अभी तक किसी समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं. अमेरिका को अगले 48 घंटों के भीतर कई प्रमुख मुद्दों पर तेहरान की प्रतिक्रिया की उम्मीद है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ईरानी अधिकारियों के साथ 14 सूत्रीय मसौदे पर बातचीत कर रहे हैं. अगर वार्ता सफल नहीं होती है तो वाशिंगटन नाकाबंदी को फिर से लागू कर सकता है या सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू कर सकता है.

शांति समझौते को लेकर ईरान की शर्त

ईरान ने बुधवार (6 मई 2026) को कहा कि वह शांति समझौते को तभी स्वीकार करेगा जब वह निष्पक्ष हो, क्योंकि ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के उद्देश्य से चलाए जा रहे तीन दिवसीय नौसैनिक अभियान को रोक दिया था. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने कुशनर और विटकॉफ के साथ 11-12 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत की, लेकिन 21 घंटे की बातचीत बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हुई.

अमेरिका ने प्रोजेक्ट फ्रीडम पर लगाई रोक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को रोक दिया है और दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति हुई है. ट्रंप ने 5 मई को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, ‘ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है.

पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध, ईरान के खिलाफ अभियान के दौरान मिली जबरदस्त सैन्य सफलता और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ अंतिम समझौते की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति के आधार पर हमने आपसी सहमति से यह तय किया है कि नाकाबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी लेकिन प्रोजेक्ट फ्रीडम को थोड़े समय के लिए रोक दिया जाएगा.’

ये भी पढ़ें :  Explained: जॉर्जिया मेलोनी की अश्लील डीपफेक फोटो वायरल! कहीं आपकी तस्वीरों से तो नहीं हो रही यह हरकत, कैसे फैल रहा ‘फर्जी’ कारोबार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *