अगर आप अपने घर पर आराम से बैठे हों और अचानक पता चले कि आप अरबपति बन गए हैं तो यह किसी सपने जैसा ही लगेगा, लेकिन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाले एक भारतीय शख्स के लिए यह सपना हकीकत बन गया. भारतीय मूल के अनिलकुमार बोला नाम के इस व्यक्ति की किस्मत ने रातोंरात ऐसी करवट ली कि वह पलक झपकते ही करोड़पति नहीं, बल्कि अरबपति बन गए.
29 वर्षीय अनिलकुमार बोला, जो लंबे समय से अबू धाबी में रह रहे हैं, उन्होंने यूएई की लकी डे ड्रॉ लॉटरी में 100 मिलियन दिरहम (करीब 240 करोड़ रुपये) का ऐतिहासिक जैकपॉट जीता है. यह अब तक की यूएई की सबसे बड़ी इनामी राशि बताई जा रही है. लॉटरी के आयोजकों ने आधिकारिक रूप से अनिलकुमार को इस ड्रॉ का विजेता घोषित किया, जिसने देशभर में सुर्खियां बटोरीं.
लॉटरी टीम की ओर से आया फोन
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह लकी ड्रॉ शनिवार, 18 अक्टूबर को आयोजित किया गया था. ड्रॉ के समय अनिलकुमार अपने घर पर आराम कर रहे थे, तभी उन्हें यूएई लॉटरी टीम की ओर से फोन आया. शुरुआत में उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि वे इतने बड़े इनाम के विजेता बन गए हैं.
अनिलकुमार ने लॉटरी जीतने पर क्या कहा?
अनिलकुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया, “जब मुझे कॉल आया तो लगा कोई मजाक कर रहा है. मैंने कई बार उनसे खबर दोहराने को कहा. जब सच्चाई समझ आई तो मैं शब्दों में बयां नहीं कर सका. यह जीत मेरे सपनों से भी परे है. अभी भी यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि यह सब मेरे साथ हुआ है.”
भारत के रहने वाले हैं अनिलकुमार
अनिलकुमार मूल रूप से भारत के रहने वाले हैं और कई सालों से अबू धाबी में रहकर काम कर रहे हैं. उनके मुताबिक, वे अक्सर लॉटरी टिकट खरीदते थे लेकिन कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी रकम जीतेंगे. उन्होंने कहा कि यह धनराशि वे अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने और समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं. यूएई में लॉटरी सिस्टम काफी लोकप्रिय है, जहां हर साल हजारों प्रवासी अपनी किस्मत आजमाते हैं, लेकिन अनिलकुमार की इस जीत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कभी-कभी किस्मत एक पल में जिंदगी बदल देती है.
ये भी पढ़ें-