‘बिहार में MLA और मंत्री के रूप में…’, नितिन नबीन के BJP अध्यक्ष बनने पर PM मोदी ने दी बधाई


बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है. वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठन का काफी अनुभव है. बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है. 

उन्होंने नितिन नबीन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा, ‘नितिन नवीन जी ने भाजपा के एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है. वह एक युवा, कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव के धनी नेता हैं, जिनका बिहार में एक विधायक और मंत्री के रूप में कई कार्यकालों का एक प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने बिहार की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है.’

उनकी ऊर्जा पार्टी को और ज्यादा मजबूत करेगी- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘वह अपने विनम्र स्वभाव और जमीन से जुड़ी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक मजबूत करेगी. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को दी बधाई

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने कहा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं की ओर श्री नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं.’

उन्होंने कहा, ‘भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है. बिहार में 5 बार विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लंबे समय से कार्य करने का अनुभव है. आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है. मैं उनके नवीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं.’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई

बिहार में पीडब्ल्यूडी मंत्री नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई. वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं.’

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे. उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं.’

कौन हैं नितिन नबीन?

बिहार सरकार में PWD मंत्री नितिन नवीन कायस्थ समाज से आते हैं, जो इस बार बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पांचवीं बार विधायक बने हैं. उन्होंने साल 2006 में उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी. अपने पिता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद उन्होंने सियासी विरासत को संभाला है. इसके बाद साल 2010, 2015 और 2020 के बाद अब साल 2025 में भी जीत का परचमा लहराया है. नितिन नबीन को पहली बार 9 फरवरी, 2021 को नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में पथ निर्माण मंत्री बनने का मौका मिला था.

यह भी पढ़ेंः BJP New Chief: नितिन नबीन होंगे BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी ने कर दिया ऐलान





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *