संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान शुक्रवार (26 दिसंबर, 2025) को पाकिस्तान के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं. जैसे ही मोहम्मद बिल जायेद विमान से उतरे तो पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर उनसे गले मिले और उनके कान में कुछ फुस-फुसाने लगे. इस दौरान यूएई प्रेजीडेंट के स्वागत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और विदेश मंत्री इसहाक डार भी मौजूद थे.
यूएई राष्ट्रपति जैसे ही विमान से नीचे उतरे तो वह शहबाज शरीफ से गले मिले, उनसे कुछ बातें कीं और फिर आसिम मुनीर मिलने के लिए आगे आए. जब आसिम मुनीर मोहम्मद बिन जायेद से गले मिल रहे थे तो वह कुछ सेंकेंड के लिए उन्हें गले लगाकर रुके रहे और इस दौरान वह यूएई प्रेजीडेंट के कान में कुछ फुसफुसाते नजर आए.
मोहम्मद बिन जायेद के स्वागत में उन्हें जमीन पर 21 तोपों और आसमान में JF-17 एयरक्राफ्ट से सलामी दी गई. पाकिस्तानी रेडियो के अनुसार जब उनका एयरक्राफ्ट पाकिस्तानी एयरस्पेस में एंटर हुआ तो उनके एयरक्राफ्ट के साथ स्वागत और सम्मान में पाकिस्तानी सेना के एयरक्राफ्ट भी उड़ रहे थे.
मोहम्मब बिन जायेद अल नहयान की यह पाकिस्तान की पहली आधिकारिक यात्रा है. अपने परिवार के साथ वह अनऑफिशियल विजिट पर यहां आते रहे हैं, लेकिन ऑफिशियल विजिट पर वह पहली बार पाकिस्तान आए हैं. पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में उनके विजिट पर शुक्रवार को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया है.
उनके इस दौरे को लेकर कई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स का ऐसा कहना है कि यूएई ने पाकिस्तान को जो लोन दिया है और जो इन्वेस्टमेंट उन्होंने यहां की हैं, उसको लेकर मोहम्मद बिन जायेद की शहबाज सरकार के साथ चर्चा हो सकती है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार यूएई प्रेजीडेंट यहां शहबाज शरीफ के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हितों को लेकर भी बात करेंगे. यूएई की सरकारी न्यूज एजेंसी WAM के अनुसार मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान के साथ उनके सलाहकार शेख सुल्तान बिन हमदान अल नहयान और शेख मोहम्मद बिन हमाद बिन तहनून अल नहयान भी साथ आए हैं.