पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी से मिली करारी हार के बाद से टीएमसी लगातार बिखरती जा रही है. एक-एक कर ममता बनर्जी के करीबी उनका साथ छोड़ रहे हैं. एक अनुमानित लिस्ट में कई ऐसे बागियों के नाम हैं जो आने वाले दिनों में पार्टी छोड़ सकते हैं. इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद बाबुल सुप्रियो ने राजनीतिक अटकलों के बीच एक बयान जारी किया है.
बाबुल सुप्रियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि मुझे यह कन्फर्म करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे कई शुभचिंतक जो कह रहे हैं या अंदाज़ा लगा रहे हैं, वह बिल्कुल सच है. सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आज़ाद और मैंने अपनी जगह पर डटे रहने का संयुक्त फैसला किया है, क्योंकि हम तीनों ने एनडीए छोड़ा था, इसलिए इसमें कोई रहस्य नहीं है कि हमें वापस नहीं बुलाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि हम तीनों बहुत दुखी और निराश हैं, लेकिन हमें इस बात की भी बहुत खुशी है कि हमने यह साबित करके आपको और खुश कर दिया है कि आपकी आशंकाएं पूरी तरह सच थीं. कोई शिकवा-शिकायत नहीं. सभी को प्यार और आपकी समझदारी के लिए धन्यवाद. अगर आपमें से कोई हमारे लिए कुछ कर सके तो प्लीज हमें ज़रूर बताए. किसी अच्छी खबर का बेसब्री से इंतजार है.
‘जनता के जनादेश का सम्मान’
सुप्रियो ने यह भी याद दिलाया कि अतीत में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए राज्य सरकारों के साथ काम किया है. उनका कहना है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा अपनी जगह है, लेकिन विकास कार्यों और जनता के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.
बाबुल सुप्रियो ने पोस्ट में कहा कि मुझे किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. हर व्यक्ति को अपने फैसले लेने का अधिकार है, मैं उन लोगों का बचाव नहीं करूंगा जिन्होंने भ्रष्टाचार किया, जनता का पैसा लूटा और सिस्टम को नुकसान पहुंचाया. ऐसे लोगों की जगह जेल में है और उन्हें कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए. उम्मीद है कि सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.
ये भी पढ़ें