‘पुतिन के घर पर यूक्रेन ने दागे ड्रोन’, ट्रंप-जेलेंस्की की मीटिंग के बाद रूस ने कर दिया बड़ा दावा; कीव ने दिया ये जवाब


रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग के बीच स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर रात भर ड्रोन हमला किया. रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि 28 दिसंबर की रात यूक्रेन ने 91 लंबी दूरी के ड्रोन के जरिये रूसी राष्ट्रपति के सरकारी आवास को निशाना बनाया, लेकिन एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन को मार गिराया.

लावरोव ने कहा कि इस घटना में कोई क्षति या हताहत नहीं हुआ है. उन्होंने ये नहीं बताया कि हमले के समय पुतिन अपने घर पर थे या नहीं. उन्होंने कहा कि रूस ने जवाबी हमले के लिए पहले ही समय और सुविधाएं तय कर ली हैं, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं दी.

यूक्रेन के हमलों का जवाब देगा रूस: सर्गेई लावरोव

लावरोव ने इसे प्रायोजित आतंकवाद बताते हुए धमकी दी कि रूस इसका जवाब देगा. उन्होंने कहा कि यह हमला शांति वार्ता के बीच में हुआ है इसलिए रूस अब बातचीत में अपना रुख बदलेगा, लेकिन वार्ता नहीं छोड़ेगा. दूसरी ओर, जेलेंस्की ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठ करार दिया. उन्होंने कहा कि रूस हमला करने का बहाना बना रहा है. जेलेंस्की ने ट्रंप से रूस की इन धमकियों पर सख्त जवाब देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रूस कीव में सरकारी इमारतों पर हमले के लिए माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है.

जेलेंस्की ने रूस के बयान को मनगढ़ंत बताया

वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘रूस एक बार फिर खतरनाक बयानबाजी कर रहा है. वह राष्ट्रपति की ओर से की जारी शांति के प्रयासों को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है. हम शांति को और करीब लाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे. रूस के राष्ट्रपति के सरकारी आवास को निशाना बनाने की खबरें पूरी तरह से मनगढ़ंत है. मॉस्को का ऐसा करने कहने का मकसद यूक्रेन और खासकर राजधानी कीव में और हमला करने का है. रूस पहले भी कीव को निशाना बना चुका है, जिसमें मंत्रिमंडल भवन भी शामिल है.’

अब कीव पर हो सकता है हमला: जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा, ‘यूक्रेन कूटनीति को कमजोर करने वाले कदम नहीं उठाता. इसके विपरीत रूस हमेशा ऐसे कदम उठाता है. यह हमारे बीच के कई मतभेदों में से एक है. अब दुनिया चुप न रहे. हम रूस को स्थायी शांति हासिल करने के प्रयासों को कमजोर करने की अनुमति नहीं दे सकते.’ लावरोव की ओर से कीव को करारा जवाब देने वाले बयान का जिक्र कर जेलेंस्की ने कहा, ‘अब सभी को सतर्क रहने की जरूरत है. राजधानी (कीव) पर हमला हो सकता है क्योंकि उन्होंने (पुतिन) कहा है कि वे सही टारगेट चुनेंगे.’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *