‘मैं शरीफ आदमी हूं, अपने देश का आज भी राष्ट्रपति’, न्यूयॉर्क कोर्ट में बोले वेनेजुएला के नेता मादुरो, कब होगी अगली सुनवाई?


वेनेज़ुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी ने सोमवार (5 जनवरी 2025) को संघीय अदालत में ड्रग तस्करी समेत अन्य गंभीर आरोपों पर खुद को निर्दोष बताया. उन्होंने जज के सामने कहा कि वह अभी भी वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं. निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी लगभग 30 मिनट तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर आए. इस मामले की अगली सुनवाई  17 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे होगी.

मैं एक शरीफ आदमी हूं: निकोलस मादुरो

निकोलस मादुरो की पेशी अमेरिकी सैन्य छापेमारी के दो दिन बाद हुई, जिसमें उन्हें कराकस में गिरफ्तार किया गया था. मादुरो ने जज के सामने खुद को वेनेज़ुएला का राष्ट्रपति बताया और कहा कि उनका अपहरण किया गया है. नार्को-आतंकवाद और कोकीन आयात की साजिश समेत आरोपों पर जज एल्विन के. हेलरस्टीन से सवाल पर मादुरो ने कहा, ‘मैं एक शरीफ आदमी हूं. मुझे वेनेजुएला के काराकास में मेरे घर से गिरफ्तार किया गया था.’

मैं युद्धबंदी हूं: मादुरो

मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने भी खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया. कोर्ट से निकलते हुए मादुरो ने कहा, मैं युद्धबंदी हूं (I am a prisoner of War). मादुरो के वकील ने इसे सैन्य अपहरण बताते हुए कानून का उल्लंघन बताया. यह पहली बार नहीं है कि किसी अभियुक्त की ओर से ऐसा तर्क दिया हो. तीन दशक से भी पहले, पनामा के मैनुअल नोरीगा ने अमेरिका पर पनामा पर हमला कर और उसे विदेश में गिरफ्तार करके अंतरराष्ट्रीय कानून और कानूनी प्रक्रिया के अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था. तब कोर्ट ने पनामा पर हमले की वैधता पर विचार करने से इनकार कर दिया था.

वेनेजुएला की अंतरिम नेता को ट्रंप की चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला पर अमेरिका का नियंत्रण है और उन्होंने उसके अंतरिम नेता को सहयोग करने या बहुत बड़ी कीमत चुकाने की चेतावनी दी. मादुरो के शासनकाल में उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिकी सरकार को सहयोग के लिए आमंत्रित किया और जोर देकर कहा, ‘वेनेजुएला को शांति, विकास, संप्रभुता और भविष्य का अधिकार है.’

कोर्ट में पेशी के अंत में मादुरो ने भीड़ की ओर हाथ हिलाया, जिसके बाद वहां खड़ा एक शख्स उनके पास आया. उस शख्स ने मादुरो से कहा, ‘आपको वेनेजुएला की ओर से कीमत चुकानी पड़ेगी.’ इसके जवाब में मादुरो ने कहा, ‘भगवान की कृपा से मैं मुक्त हो जाऊंगा.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *