भारत और अमेरिका संबंधों में पिछले कुछ महीन में आई गिरावट का असर हर तरफ देखने को मिल रहा है. भारत में अमेरिकी दूतावास ने बुधवार (7 जनवरी 2026) को छात्रों को इमिग्रेशन को लेकर कड़ी चेतावनी दी है. यूएस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका के कानूनों का उल्लंघन करने पर छात्र वीजा रद्द हो सकता है और देश से निकाला जा सकता है.
भारतीय छात्रों को अमेरिका की चेतावनी
अमेरिकी दूतावास ने कहा, ‘यूएस कानूनों को तोड़ने पर आपके छात्र वीजा के लिए गंभीर नतीजे हो सकते हैं. अगर आपको गिरफ्तार किया जाता है या आप कोई कानून तोड़ते हैं तो आपका वीजा रद्द किया जा सकता है. आपको देश से निकाला जा सकता है और आप भविष्य में अमेरिकी वीजा के लिए अयोग्य हो सकते हैं. नियमों का पालन करें और अपनी यात्रा को खतरे में न डालें. अमेरिकी वीजा एक सुविधा है, अधिकार नहीं.’
Breaking U.S. laws can have serious consequences for your student visa. If you are arrested or violate any laws, your visa may be revoked, you may be deported, and you could be ineligible for future U.S. visas. Follow the rules and don’t jeopardize your travel. A U.S. visa is a… pic.twitter.com/A3qyoo6fuD
— U.S. Embassy India (@USAndIndia) January 7, 2026
अवैध अप्रवासियों को लेकर अमेरिका की चेतावनी
ऐसा पहली बार नहीं है जब अमेरिकी दूतावास ने इस तरह के बयान जारी किए हों. पिछले दिनों अमेरिका ने भारत से जाने वाले अवैध अप्रवासियों को लेकर चेतावनी जारी की थी. जिसमें कहा गया था कि इमिग्रेशन कानून तोड़ने पर बड़ी क्रिमिनल सजा मिल सकती है. अमेरिका अपराधिक गतिविधियों में शामिल और कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कदम उठा रहा है, जिसमें उनका वीजा कैंसिलेशन शामिल है.
एच-1बी और छात्र वीजा नियमों को सख्त कर रहा यूएस
अमेरिकी प्रशासन एच-1बी और छात्र वीजा नियमों को सख्त कर रहा है. अमेरिका के सख्त वीजा नियमों चलते वहां विदेशी छात्रों के जाने में गिरावट आई है. पिछले साल अमेरिका में नए इंटरनेशनल एडमिशन में 17 फीसदी की कमी आई. अगस्त 2024 के आंकड़ों से पता चला कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों के आगमन में साल दर साल 19 फीसदी की गिरावट आई है, जो 2021 के बाद से सबसे कम है.