वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अब अमेरिका के भीतर ही राजनीतिक हलचल बढ़ गई है. अमेरिकी सीनेट ने एक अहम कदम उठाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की युद्ध शक्तियों को सीमित करने वाले प्रस्ताव को आगे बढ़ा दिया है.
अमेरिकी सीनेट में गुरुवार (8 जनवरी 2026) को हुई वोटिंग में 52 सांसदों ने प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के पक्ष में और 47 ने विरोध में मतदान किया. इस प्रस्ताव का मकसद यह है कि वेनेजुएला के खिलाफ आगे किसी भी सैन्य कार्रवाई से पहले राष्ट्रपति ट्रंप को कांग्रेस की इजाजत लेनी होगी. इस वोटिंग में खास बात यह रही कि ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन के पांच सांसदों ने डेमोक्रेट्स का साथ दिया. एक रिपब्लिकन सांसद मतदान में शामिल नहीं हुआ.
पहले भी रोका गया था ऐसा प्रस्ताव
पिछले साल ट्रंप प्रशासन के दबाव के चलते इसी तरह के दो प्रस्ताव सीनेट में रोके जा चुके थे. नवंबर में पिछली बार यह प्रस्ताव महज दो वोटों से गिर गया था. उस समय प्रशासन ने दावा किया था कि वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन या बड़े सैन्य हमले की कोई योजना नहीं है, लेकिन मादुरो की गिरफ्तारी के बाद कई सांसदों को लगा कि कांग्रेस को पूरी जानकारी नहीं दी गई थी.
रिपब्लिकन सांसद भी जता रहे नाराज़गी
इस प्रस्ताव के सह-प्रस्तावक रिपब्लिकन सीनेटर रैंड पॉल ने कहा कि अब उनकी पार्टी के भीतर भी कई लोग राष्ट्रपति की सैन्य शक्तियों को लेकर असहज महसूस कर रहे हैं. उनके साथ डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन भी इस प्रस्ताव का नेतृत्व कर रहे हैं. दोनों विदेश संबंध समिति के सदस्य हैं.
किन रिपब्लिकन सांसदों ने दिया समर्थन
प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के पक्ष में वोट देने वाले रिपब्लिकन सांसदों में रैंड पॉल (केंटकी), सुसन कॉलिन्स (मेन),जोश हॉले (मिसूरी), लिसा मर्कोव्स्की (अलास्का) और टॉड यंग (इंडियाना) शामिल हैं. फिलहाल सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 और डेमोक्रेट्स के पास 47 सीटें हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हमला
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर एक तीखे पोस्ट के जरिए अपनी ही पार्टी के पांच रिपब्लिकन सीनेटरों पर जोरदार हमला बोला है. ट्रंप ने आरोप लगाया कि इन सीनेटरों ने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर राष्ट्रपति की सैन्य शक्तियों को कमजोर करने की कोशिश की है, जिससे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.
ट्रंप का यह बयान उस वक्त आया है जब अमेरिकी सीनेट में वेनेजुएला से जुड़ी सैन्य कार्रवाई पर राष्ट्रपति की शक्तियों को सीमित करने वाला War Powers Resolution आगे बढ़ा है. डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि रिपब्लिकन पार्टी को उन सीनेटरों पर शर्म आनी चाहिए जिन्होंने डेमोक्रेट्स के साथ वोट किया.
ये भी पढ़ें: US Visa Policy: छोड़ दें US का सपना! भारतीयों के लिए अमेरिका की बड़ी चेतावनी- ‘…तो हमेशा के लिए कर देंगे बैन’