भारत पर यूएस टैरिफ कम होने की खबर सुनकर पाकिस्तानी बुरी तरह चिढ़ गए हैं. पाकिस्तानी एक्सपर्ट कमर चीमा का कहना है कि पूरे एशिया में सबसे कम टैरिफ भारत पर है और भारत ने अमेरिका से कहकर 18 प्रतिशत टैरिफ करवाया होगा ताकि पाकिस्तान से एक प्रतिशत कम हो. पाकिस्तान पर 19 प्रतिशत टैरिफ लागू है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (2 फरवरी, 2026) को भारत के साथ लंबे समय से अटकी ट्रेड डील और टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का ऐलान किया था. इस पर पाक एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा, ‘भारत को एशिया में सबसे कम टैरिफ मिले हैं. इंडिया 18 प्रतिशत, पाकिस्तान 19 प्रतिशत. इंडियंस ने ट्रंप से ये जरूर कहा होगा कि हम तुमसे ये डील करेंगे, लेकिन टैरिफ के मामले में हमें पाकिस्तान से 1 प्रतिशत नीचे जरूर रखना है. हमें पाकिस्तान के बराबर नहीं रखना है. ये मैं 100 परसेंट आपको कह रहा हूं तो 18 परसेंट टैरिफ लगा.’
कमर चीमा ने कहा कि इंडिया खुद अपने आपको पाकिस्तान के सामने लेकर आया है. इंटरस्टिंग बात है. उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया 19, थाईलैंड 19, बांग्लादेश 20, वियतनाम 20 और चीन पर 34 प्रतिशत टैरिफ है. अब व्हाइट हाउस ने ये कंफर्म किया है कि रूसी तेल खरीदने के लिए इंडिया पर जो 25 प्रतिशत टैरिफ लगा था, वो भी हट जाएगा. कमर चीमा ने कहा कि फाइनल टैरिफ 18 परसेंट है. हर बंदा एक ही चीज कह रहा है कि पाकिस्तान पर 19 परसेंट और भारत का 18 परसेंट. सब यही कह रहे हैं.
कमर चीमा ने कहा कि भारत का यूरोपियन यूनियन के साथ जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हुआ है, उसने अमेरिका को भारत के साथ ट्रेड डील करने के लिए पुश किया. 27 जनवरी को भारत ने यूरोपियन यूनियन के साथ एफटीए साइन किया था, जिसे मदर ऑफ ऑल डील्स कहा गया. इसके तहत 27 यूरोपीय देशों के बाजारों में भारत कम या जीरो टैरिफ पर अपना सामान बेच सकता है. वहीं, यूरोपीय देश के सामान भी इसी तरह भारतीय बाजारों में बिक सकेंगे.
पाक एक्सपर्ट ने कहा कि ट्रंप साहब ने ट्रूथ सोशल पर जो पोस्ट किया उसमें एक तो उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी मेरे बड़े अच्छे दोस्त हैं और वह वेनेजुएला और अमेरिका से तेल खरीदेंगे. दूसरा उन्होंने कहा है कि हमारी जो दोस्ती है वो ऐसी ही रहेगी. बहुत ही इंटरेस्टिंग सिनेरियो सामने आया है.