मेक्सिकन सिक्योरिटी फोर्सेज ने रविवार (22 फरवरी) को ‘ड्रग लॉर्ड’ कहे जाने वाले ‘एल मेंचो’ को एक ऑपरेशन के दौरान ढेर कर दिया. उसकी मौत के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई. हालात इतने बेकाबू हो गए कि सेना को सड़कों पर उतरना पड़ा. इतना ही नहीं, कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं. इस बीच मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबौम पार्डो ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, मेक्सिको का सबसे वांछित अपराधी और कुख्यात जलिस्को न्यू जेनरेशन (CJNG) ड्रग कार्टेल का सरगना सेना के ऑपरेशन के दौरान मारा गया है. नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस, जिसे ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता है, रविवार सुबह मध्य-पश्चिमी राज्य जलिस्को में चलाए गए एक मिलिट्री ऑपरेशन के दौरान मारा गया.
हिंसा और आसमान में धुआं-धुआं
एल मेंचो की मौत के बाद मेक्सिको के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई और लोगों ने कई इमारतों में आग भी लगा दी. अहम बात यह है कि सेना के साथ-साथ कुछ बंदूकधारी भी सड़कों पर उतर आए हैं, जो कि सड़कों को जाम कर रहे हैं. मेक्सिको के कई वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिले हैं, जिसमें आसमान में धुआं ही धुआं दिख रहा है.
लोगों को बाहर न निकलने की दी गई हिदायत
मेक्सिको के बिगड़ते हालात के बीच लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है. सुरक्षा कारणों से कई जगहों पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. हालांकि मेक्सिको की राष्ट्रपति ने दावा किया है कि देश के अधिकतर हिस्सों में हालात सामान्य हैं.
Mexican drug lord ‘El Mencho,’ leader of Jalisco’s New Generation Cartel, has been killed in a military operation.
Civilians are being advised to stay indoors amid cartel violence in street of maxico.#maxico pic.twitter.com/e6anDUvMRa
— Suresh k Sharma 🇮🇳 🇨🇦🇺🇸 (@suresh_k_sharma) February 23, 2026
अमेरिका ने घोषित किया था इनाम
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सैन्य अभियान के बाद हवाई मार्ग से ले जाते समय चोटों के कारण एल मेंचो की मौत हो गई. CJNG ने अपने मूल प्रभाव क्षेत्र जलिस्को राज्य से आगे बढ़ते हुए पूरे मेक्सिको में लगभग देशव्यापी मौजूदगी बना ली थी. अमेरिका ने एल मेंचो की गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली जानकारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर (करीब 11.1 मिलियन पाउंड) का इनाम घोषित किया था.
यह भी पढ़ें : Mexico Violence: ‘सतर्क रहें, भीड़भाड़ से…’, मैंचो के मारे जाने पर मेक्सिको में हिंसा, बवाल के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी