मंत्रियों से फीडबैक और बूथ अध्यक्ष के घर ‘ब्रेकफास्ट’, नितिन नबीन ने देहरादून से क्या दिया संदेश


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • भाजपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड में मंत्रियों, सांसदों, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
  • उन्होंने बूथ अध्यक्ष के घर पारंपरिक नाश्ते का आनंद लिया।
  • बुद्धिजीवियों, युवाओं से संवाद कर मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
  • तीन दिवसीय प्रवास 2027 चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा गया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास का शनिवार (30 मई, 2026) को समापन हो गया. पहले दो दिन मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकों में बिताने के बाद उन्होंने आखिरी दिन पूरी तरह जमीनी कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और युवाओं के नाम किया. दौरे की सबसे चर्चित झलक रही बूथ अध्यक्ष के घर उनका पारंपरिक नाश्ता, जहां पहाड़ी और नेपाली व्यंजनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का दिल जीत लिया.

टपकेश्वर के दर्शन से हुई दिन की शुरुआत

सुबह-सुबह नितिन नबीन देहरादून के प्राचीन सिद्धपीठ टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे. भगवान शिव के दर्शन कर उन्होंने पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली और संगठन की मजबूती की कामना की. दौरे के अंतिम दिन की शुरुआत धार्मिक स्थल से करने को भाजपा संगठन विशेष महत्व दे रहा है.

गढ़ी कैंट में बूथ कार्यकर्ताओं से मिले

मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट पहुंचे, जहां बूथ समिति की बैठक में जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. उन्होंने बूथ को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया और संगठन को और अधिक मजबूती देने पर जोर दिया. कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर अपनी बात रखी.

बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचे, परिवार ने खादा ओढ़ाकर किया स्वागत

दौरे का सबसे भावनात्मक और चर्चित पल तब देखने को मिला जब नितिन नबीन टपकेश्वर क्षेत्र के बूथ संख्या-141 के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह के घर जा पहुंचे. गजेंद्र सिंह, उनकी पत्नी कविता और बेटी श्वेता ने पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया. परिवार ने दही-चावल का टीका लगाया और नेपाली परंपरा के प्रतीक ‘खादा’ ओढ़ाकर सम्मान किया.

नाश्ते में झंगोरे की खीर, सेल रोटी, पहाड़ी हरे नमक का रायता और नेपाली चटनी सहित कई देसी व्यंजन परोसे गए, जिनका राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खूब आनंद लिया. एक आम बूथ कार्यकर्ता के घर जाकर उसके परिवार के साथ नाश्ता करने का यह अंदाज खासा चर्चा में रहा. 

शिवालिक कॉलेज में प्रबुद्ध गोष्ठी, मोदी के नेतृत्व की सराहना

इसके बाद शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में उन्होंने शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और समाज के विभिन्न वर्गों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आध्यात्मिक विरासत और वैज्ञानिक क्षमता दोनों मोर्चों पर नई पहचान बनाई है. योग के वैश्विक विस्तार और कोरोना काल में देश द्वारा स्वदेशी वैक्सीन बनाने की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प पर भी अपनी बात रखी.

युवा संवाद के साथ हुआ दौरे का समापन, दिल्ली रवाना

दोपहर में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के साथ तीन दिवसीय प्रवास का विधिवत समापन हुआ. यहां उन्होंने राज्य के युवाओं से सीधे रूबरू होकर उनके सुझाव सुने. इसके बाद वे दिल्ली रवाना हो गए.

तीन दिन में नेताओं से लेकर बूथ तक साधा संगठन

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तराखंड के पहले दौरे में नितिन नबीन ने भाजपा की कोर कमेटी, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकातें कीं. पार्टी कार्यालय में संगठनात्मक समीक्षा की, जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया और बूथ से लेकर युवाओं तक से संवाद किया. भाजपा इस पूरे दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की पहली बड़ी कड़ी के रूप में देख रही है. बूथ स्तर तक संगठन को कसने की यह कवायद आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है.

यह भी पढे़ंः ‘मां गंगा के आशीर्वाद से तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार’, नितिन नबीन का उत्तराखंड चुनाव से पहले बड़ा दावा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *