Iran US Conflict: अमेरिका के हमलों का ईरान ने दिया जवाब, कुवैत से बहरीन तक US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें, ट्रंप की धमकी की उड़ाईं धज्जियां


ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर टूटने की कगार पर पहुंच गया है. अमेरिकी सेना ने बीते 24 घंटे में दो बार ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसके बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने बहरीन से लेकर कुवैत तक मिसाइलों और ड्रोन से अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं. उसने चेतावनी भी दी है कि अमेरिका की किसी भी सैन्य कार्रवाई का करारा जवाब दिया जाएगा.

ईरानी नेवी ने बयान जारी कर कहा, ‘उसकी नौसेना और एयरफोर्स ने रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 2 बजे से 3 बजे के बीच जॉइंट ऑपरेशन चलाया, जिसमें कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस और बहरीन के पोर्ट सलमान स्थित अमेरिकी 5वें बेड़े के मुख्यालय समेत आठ अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे गए.’ ईरान ने कहा कि यह मिलिट्री ऑपरेशन हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में चलाया गया था.

दुश्मन की आदत है वादे तोड़ना- IRGC

IRGC ने कहा, ‘हमलावर दुश्मन, जिसकी आदत ही वादे तोड़ना और समझौतों का उल्लंघन करना है, उसने आज सुबह इस्लामिक रिपब्लिक की पांच तटीय चौकियों पर हमला किया. यह हमला IRGC नेवी की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले एक जहाज के खिलाफ की गई कार्रवाई के बहाने किया गया.’

ये भी पढ़ें- अमेरिका का 24 घंटे में ईरान पर दूसरा बड़ा अटैक, ट्रंप ने दी धमकी, कहा- ‘अस्तित्व ही खत्म…’

होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के लिए नियम सख्त- IRGC

ईरान की ओर से यह भी कहा गया कि वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के नियमों को और सख्त बनाएगा. उसने कहा, ‘अब से, उल्लंघन करने वाले जहाजों से पहले से कहीं अधिक सख्ती से निपटा जाएगा. भविष्य में किसी भी प्रकार की शत्रु आक्रामकता, चाहे उसका बहाना कुछ भी हो, उसे करारा जवाब दिया जाएगा- भले ही, जैसा कि कल रात और आज रात के हमलों में हुआ, वह कम महत्व के ठिकानों को टारगेट बनाए.’

ईरान ने इस्लामाबाद समझौते का दिया हवाला

IRGC ने इस्लामाबाद समझौते का हवाला देते हुए अमेरिका पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया. उसने कहा, ‘दुश्मन को यह पता होना चाहिए कि सीजफायर का उल्लंघन इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन की पहली धारा का उल्लंघन है और इससे सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह से निलंबित हो जाएंगी.’

ट्रंप ने ईरान को दी थी धमकी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान को धमकी दी थी. उन्होंने कहा कि अमेरिकी विमानों ने युद्धविराम समझौते का बार-बार उल्लंघन करने पर ईरान के मिसाइल, ड्रोन भंडार और रडार ठिकानों पर हमला किया है. ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अपनी हरकतें नहीं रोकता तो अमेरिका आगे और बड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा हुआ तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अस्तित्व ही समाप्त हो सकता है.

ये भी पढ़ें- भारत के कितने जहाजों ने बीते 3 दिनों में पार किया होर्मुज और कितने खड़े इंतजार में? चौंका देगा आंकड़ा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *