ट्रैक पर लौटी भारत-अमेरिका ट्रेड डील, अगले कुछ दिनों में यूएस जाएंगे पीयूष गोयल, क्या टैरिफ पर बनेगी ट्रंप संग बात?


केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जल्द ही अमेरिका दौरे पर जा सकते हैं. भारत-अमेरिका ट्रेड वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ने के बीच उनकी यह यात्रा होने की उम्मीद है. हाल ही में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अमेरिकी मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच और वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल के बीच दिन भर की बातचीत के बाद यह यात्रा होने जा रही है.

अगले कुछ दिनों में अमरिका जाएंगे पीयूष गोयल 

सूत्रों ने कहा, ‘‘व्यापार वार्ता के लिए वाणिज्य मंत्री शायद अगले कुछ दिनों में अमरिका जाएंगे.” वाणिज्य मंत्रालय ने कहा था कि 16 सितंबर को द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर दिल्ली आई अमेरिकी टीम के साथ दिन भर की चर्चा सकारात्मक रही और दोनों पक्ष समझौते को जल्द और पारस्परिक रूप से लाभकारी रूप से संपन्न करने के लिए प्रयास करने पर सहमत हुए.

अमेरिकी अधिकारियों के साथ सात घंटे की बैठक के बाद मंत्रालय ने एक बयान में कहा था, ‘‘पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंजाम तक पहुंचाने के प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया है.’’

ट्रंप प्रशासन की तरफ से अगस्त में भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद व्यापार समझौते पर बातचीत रुक गई थी. दोनों पक्षों के बीच इस समझौते को लेकर अब तक पांच दौर की वार्चा हो चुकी है.

पीयूष गोयल ने नवंबर तक डील फाइनल की बात कही

इससे पहले, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 11 सितंबर को यह भरोसा जताया था कि भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का पहला चरण नवंबर तक फाइनल हो सकता है. उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच चर्चा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों पक्ष अब तक की प्रगति से संतुष्ट हैं.

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था, “फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मंत्रियों को इस समझौते पर काम करने और इस साल नवंबर तक पहले चरण को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया था. इस ट्रेड डील का पहला चरण नवंबर 2025 तक पूरा हो जाना चाहिए और मार्च से ही इस विषय पर बहुत अच्छे माहौल में बहुत गंभीरता से चर्चा चल रही है और प्रगति हो रही है.”

ये भी पढ़ें : जिनपिंग संग बातचीत के बाद ट्रंप ने किया चीन दौरे का ऐलान, जानें टिकटॉक डील के अलावा किन मुद्दों पर हुई चर्चा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *