अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क रविवार (21 सितंबर) को एक ही मंच पर नजर आए. दोनों कंजरवेटिव कार्यकर्ता चार्ली किर्क की याद में आयोजित स्मृति सभा में साथ बैठे और निजी बातचीत भी की. एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर ट्रंप के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा- “For Charlie” (चार्ली के लिए)
यह मुलाकात खास इसलिए भी रही क्योंकि यह ट्रंप और मस्क की पहली सार्वजनिक मुलाकात थी, जब से मस्क ने सरकारी पद से इस्तीफा दिया था. मई में मस्क ने ट्रंप प्रशासन की एक बड़ी नीति की आलोचना करते हुए इसे वित्तीय रूप से गैर-जिम्मेदाराना बताया था. इसके बाद ट्रंप और मस्क के रिश्तों में तनाव आ गया था और ट्रंप ने यहां तक धमकी दी थी कि वह मस्क की कंपनियों के सरकारी अनुबंध रद्द कर देंगे, लेकिन इस कार्यक्रम में दोनों का साथ आना उनके रिश्तों में नरमी का संकेत माना जा रहा है.
.@POTUS and @elonmusk at Charlie Kirk’s memorial service ❤️🇺🇸 pic.twitter.com/MhJziFujev
— Rapid Response 47 (@RapidResponse47) September 21, 2025
जे.डी. वेंस ने दिया भावुक भाषण
इस स्मृति सभा में उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने भावुक भाषण दिया. उन्होंने कहा कि हमें चार्ली किर्क की याद में उनके विश्वास, सच्चाई और देशभक्ति की राह पर चलना होगा. वेंस ने लोगों से कहा, “चार्ली के लिए हम हर दिन सच बोलेंगे, अमेरिका को फिर से महान बनाएंगे और कभी पीछे नहीं हटेंगे.”
चार्ली किर्क की पत्नी एरिका किर्क ने क्या कहा?
चार्ली किर्क की पत्नी एरिका किर्क ने भी बेहद भावुक भाषण दिया. उन्होंने अपने पति के हत्यारे टायलर रॉबिन्सन को माफ करने की बात कही. एरिका ने कहा, “मैं उसे माफ करती हूं क्योंकि यही मसीह का मार्ग है. नफरत का जवाब नफरत नहीं है.” उन्होंने यीशु मसीह के शब्द भी दोहराए, “इन्हें माफ कर दो, ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं.”
चार्ली किर्क की कैसे हुई थी मौत?
10 सितंबर को यूटा के ओरेम में स्थित यूटा वैली यूनिवर्सिटी (UVU) में एक सत्र के दौरान चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शूटर ने भीड़ के बीच उनकी गर्दन में गोली मारी. पुलिस ने इस हत्या का आरोप 22 वर्षीय टायलर रॉबिन्सन पर लगाया है. जांच के अनुसार, उसने अपने पार्टनर को मैसेज में कहा था कि उसने किर्क की हत्या इसलिए की क्योंकि वह उससे बहुत नफरत करता था.
ये भी पढ़ें-
दूध, पनीर, साबुन, दवाओं से लेकर TV, फ्रिज और बाइक तक… आज से क्या सस्ता और क्या हो जाएगा महंगा?