रोशनी से नहाई रामनगरी, अयोध्या दीपोत्सव में 26 लाख से ज्यादा दीयों के साथ बने दो गिनीज रिकॉर्ड



उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में रविवार को दो विश्व कीर्तिमान बनाए गए. भव्य दीपोत्सव समारोह के दौरान एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्ज्वलित किये गये और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती की. यह दोनों ही उपलब्धियां विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज की गई हैं.

गिनीज बुक ने की रिकॉर्ड की आधिकारिक घोषणा
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधियों ने ड्रोन से की गई दीयों की गणना की पुष्टि के बाद इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की. बयान के अनुसार, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज प्रमाण पत्र प्रदान किया.

दो श्रेणियों में मिला गिनीज पुरस्कार
पहला गिनीज पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा सबसे बड़ी संख्या में तेल के दीये जलाने के लिए दिया गया. बयान के अनुसार, दूसरा गिनीज पुरस्कार सर्वाधिक लोगों (2128) द्वारा एक साथ आरती करने के लिए दिया गया. यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अयोध्या और सरयू आरती समिति, अयोध्या को प्राप्त हुआ.

हर वर्ष बढ़ती रही दीयों की संख्या
बयान के मुताबिक, 2017 में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी थी तब सरयू नदी के घाटों पर जलाए जाने वाले दीयों की संख्या 1.71 लाख थी और इसके बाद हर साल यह संख्या लगातार बढ़ती रही है. इसमें कहा गया है कि साल 2018 में 3.01 लाख, 2019 में 4.04 लाख, 2020 में 6.06 लाख, 2021 में 9.41 लाख, 2022 में 15.76 लाख, 2023 में 22.23 लाख और 2024 में यह संख्या 25.12 लाख थी.

दीपोत्सव बना गौरव और अस्मिता का उत्सव
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में दीपोत्सव प्रकाश के उत्सव से बढ़ाकर गौरव और अस्मिता का उत्सव बन गया है. आज पूरी दुनिया अयोध्या को रामराज्य के जीवंत स्वरूप के रूप में देख रही है – जहां आस्था, अनुशासन और विकास एक साथ चमकते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘यहां जलाया गया प्रत्येक दीया विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की भावना को प्रतिबिम्बित करता है.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *