‘EVM पर यकीन’, कर्नाटक सरकार के सर्वे में 83 फीसदी जनता ने कहा ये, BJP ने राहुल गांधी पर कसा तंज


लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा कराए गए एक सर्वे में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर जनता के मजबूत भरोसे की बात सामने आई है. सर्वे के मुताबिक, 83 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने कहा है कि वे EVM को भरोसेमंद मानते हैं. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है, जो लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया और EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते रहे हैं.

सर्वे में क्या सामने आया
‘लोकसभा इलेक्शन 2024- इवैल्यूएशन ऑफ इंडलाइन सर्वे ऑफ नॉलेज, एटीट्यूट एंड प्रैक्टिस ऑफ सिटिजन्स’ नाम के इस सर्वे में 83.61% लोगों ने EVM को भरोसेमंद बताया. वहीं, 69.39% लोगों ने माना कि EVM सही नतीजे देती है, जबकि 14.22% ने इस बात से पूरी तरह सहमति जताई.

5,100 लोगों से लिया गया फीडबैक
यह सर्वे कर्नाटक के 102 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया. इसमें बेंगलुरु, बेलगावी, कलबुर्गी और मैसूरु प्रशासनिक डिवीजनों के 5,100 लोगों को शामिल किया गया. इस सर्वे को कर्नाटक सरकार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अनबुकुमार के जरिए कराया था.

किस इलाके में EVM पर सबसे ज्यादा भरोसा
डिवीजन के हिसाब से देखें तो कलबुर्गी में सबसे ज्यादा भरोसा देखने को मिला. यहां 83.24% लोगों ने EVM को भरोसेमंद माना, 11.24% ने पूरी तरह सहमति जताई. मैसूरु में 70.67% लोगों ने ईवीएम में अपनी विश्वसनीयता प्रकट की, और 17.92% ने मजबूती के साथ ईवीएम में विश्वास होने का दावा किया. बेलगावी में 63.90% लोग सहमत दिखे और 21.43% ने पूरी सहमति जताई. बेंगलुरु डिवीजन में यह आंकड़ा 63.67% और 9.28% रहा.

BJP का पलटवार -‘कर्नाटक ने सच बता दिया’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनावों में कथित EVM गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ को लेकर BJP और चुनाव आयोग पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं. सर्वे पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने X पर लिखा, ‘वर्षों से राहुल गांधी देशभर में यह कहते रहे हैं कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है और EVM भरोसेमंद नहीं हैं. लेकिन कर्नाटक की जनता ने आज बिल्कुल अलग कहानी बता दी है.’

BJP ने कहा कि इस राज्यव्यापी सर्वे से साफ है कि लोग चुनाव पर भरोसा करते हैं, EVM पर भरोसा करते हैं और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा करते हैं. पार्टी ने इसे कांग्रेस के लिए ‘चेहरे पर तमाचा’ बताया.

‘हारने पर संस्थाओं पर सवाल, जीतने पर जश्न’
BJP ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘कांग्रेस हारने पर संस्थाओं पर सवाल उठाती है और जीतने पर उसी सिस्टम का जश्न मनाती है. यह सिद्धांतों की नहीं, सुविधा की राजनीति है.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *