हैदराबाद के बोडुप्पल इलाके से एक अमानवीय घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने ही परिवार के चार साल के बच्चे पर एसिड फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. हैदराबाद के बोडुप्पल क्षेत्र में सामने आई इस दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. आरोपी महिला मंजुला नागराजू के भाई की पत्नी बताई जा रही है, उसने चार साल के मासूम कार्तिक को निशाना बनाया. जानकारी के मुताबिक, उसने बच्चे को जूस बताकर एसिड पिला दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.

घटना के तुरंत बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. परिवार के सदस्यों का कहना है कि मंजुला बच्चे से जलन रखती थी, क्योंकि कार्तिक को परिवार में ज्यादा प्यार मिलता था. इसी कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी आरोपी महिला ने बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी.

बच्चे की मां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

मामले में बच्चे की मां संध्या ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में मंजुला पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है. इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घटना की कुछ झलकियां कैद होने की बात कही जा रही है. पुलिस इस फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि एक मासूम बच्चे के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी समाज में स्वीकार नहीं की जा सकती. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उसे कानून के तहत सख्त सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: प्रियंका बोलीं- संसद में पीएम उड़ाते राहुल का मजाक, फिर घर जाकर करते हैं उनकी बातों पर गौर

Source link
Hyderabad Acid Attack: महिला ने पार की क्रूरता की सारी हदें, 4 साल के बच्चे को जूस बताकर पिला दिया तेजाब