ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग में भारत के लोगों को सिर्फ एलपीजी गैस का इंतेजार है ताकि उनके घरों का चूल्हा जलता रहे. इसी चूल्हे को जलाने के लिए ही भारत ने बंद पड़े होर्मुज स्ट्रेट से एलपीजी लदे दो जहाजों को बाहर निकाल लिया और गुजरात तक पहुंचा भी दिया. लेकिन इन जहाजों पर गैस बस इतनी ही है कि जहाज से उतरने के कुछ ही घंटों के अंदर ये गैस खत्म भी हो जाएगी और फिर से इंतेजार शुरू हो जाएगा कि अब कब होर्मुज स्ट्रेट से नए जहाज एलपीजी के साथ भारत आने को निकल चुके हैं.
होर्मुज स्ट्रेट को पार कर एलपीजी लदे जो दो जहाज भारत में दाखिल हुए हैं, उनमें से पहला है शिवालिक और दूसरा है नंदादेवी. शिवालिक तो 16 मार्च को ही गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंच चुका था जबकि नंदादेवी भी गुजरात के ही वाडिनार पोर्ट पर पहुंच चुका है. लेकिन इन दोनों ही जहाजों पर एलपीजी सिर्फ उतनी है जितनी भारत करीब 30 घंटे में ही खर्च कर देता है.
असल में 16 मार्च को जो शिवालिक एलपीजी लेकर मुंद्रा पहुंचा है, उस पर करीब 46 हजार मिट्रिक टन गैस है. अगर इसे घरेलू सिलेंडर में भरने के लिहाज से देखें तो इस गैस से करीब 32 लाख 40 हजार घरेलू गैस सिलेंडर भरे जा सकते हैं. 17 मार्च को भारत पहुंचे नंदादेवी पर 47,700 मिट्रिक टन गैस लदी है. और इससे करीब 33 लाख 61 हजार घरेलू सिलेंडरों में गैस भरी जा सकती है. कुल मिलाकर अगर दोनों ही जहाजों पर लदी गैस को घरेलू सिलेंडर में भर दिया जाए तो ये आंकड़ा करीब 66 लाख घरेलू सिलेंडर का होता है. जबकि भारत में कुल 33 करोड़ उपभोक्ता हैं, जो हर रोज करीब 70 से 80 लाख सिलेंडरों की बुकिंग करते हैं. सरकार का ही आंकड़ा कहता है कि 13 मार्च 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग 88.8 लाख की थी जो अगले दिन 14 मार्च को घटकर 77 लाख तक पहुंच गई.
अगर हर रोज की खपत को सरकारी आंकड़े के हिसाब से ही देखें तो नंदादेवी और शिवालिक पर लदी गैस सिर्फ उतनी है, जितनी एक दिन की खपत है. बाकी आंकड़ा तो यही कहता है कि भारत में हर रोज करीब 80 हजार से 90 हजार मिट्रिक टन घरेलू गैस की खपत है. तो आसानी से अंदाजा लगा सकते हैं कि जिस शिवालिक और नंदादेवी पर लदी एलपीजी के बल पर आप एलपीजी क्राइसिस के खत्म होने का सपना देख रहे थे, दरअसल वो सपना ही था और वो हकीकत में तभी बदलेगा जब या तो होर्मुज खुलेगा या फिर कम से कम ऐसे दो जहाज हर रोज होर्मुज पार करके भारत आते रहेंगे.
यह भी पढे़ं:-
‘इजरायल पर परमाणु हमला करेगा PAK’, कौन हैं मुज्तबा के सैन्य सलाहकार? दिया था बयान