पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य में मंगलवार (3 फरवरी 2026) की शाम एक बेहद भयावह हमला हुआ. इस हमले में दो गांवों वोरो और नुकु में कम से कम 200 लोगों की जान चली गई. यह हमला हाल के महीनों में नाइजीरिया में हुआ सबसे घातक हमला माना जा रहा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर बायो ने बताया कि इस नरसंहार के पीछे लकुरावा नाम का एक सशस्त्र समूह है. यह समूह आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. हमलावरों ने गांवों में घुसकर अंधाधुंध लोगों पर हमला किया, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौत हो गई.
रेड क्रॉस के अनुसार, जिन इलाकों में हमला हुआ है, वे बेहद दूरदराज इलाके में बसे हुए हैं. ये गांव राज्य की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर स्थित हैं. इसके अलावा, ये क्षेत्र बेनिन सीमा के पास हैं और वहां सड़क व संचार सुविधाएं भी बेहद कमजोर हैं. खराब कनेक्टिविटी के कारण राहत और बचाव कार्यों में काफी परेशानी हो रही है.
हमले की कड़ी निंदा की गई
क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया है. गवर्नर के अनुसार, यह हमला राज्य में चल रहे सैन्य अभियानों के जवाब में किया गया है, क्योंकि सुरक्षा बल उग्रवादी समूहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं. नाइजीरिया इस समय गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है. देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में लंबे समय से विद्रोह चल रहा है. वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में अपहरण, फिरौती वसूलने और सशस्त्र डकैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. आम नागरिक सबसे ज्यादा इस हिंसा का शिकार हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Nigerian Civil War: नाइजीरिया में 3 चर्चों पर हमला, प्रार्थना के दौरान 150 से ज्यादा ईसाईयों को उठा ले गए