अमेरिका में बैक-टू-बैक दो गोलीकांड की घटनाएं सामने आईं हैं. नॉर्थ कैरोलिना के साउथपोर्ट में गोलीकांड के कुछ घंटों के बाद अब अमेरिका के मिशिगन में एक हमलावर ने गोलीकांड को अंजाम दिया है. हमलावर ने मिशिगन के मॉर्मन चर्च में कई लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. वहीं, मिशिगन के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने रविवार (28 सितंबर) को ही इस गोलीकांड को अंजाम देने वाले हमलावर को मार गिराया है.
यह हमला मिशिगन के ग्रैंड ब्लैंक स्थित द चर्च ऑफ जीसस क्राइस्ट ऑफ लैटर-डे सेंट्स में हुई, जहां हमलावर को मार गिराया गया है. एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना डेट्रॉइट से करीब 50 मील उत्तर की तरफ घटी और घटना के दौरान चर्च में आग भी लग गई.
आम लोगों के लिए अब नहीं है कोई खतरा- अमेरिकी अधिकारी
अमेरिकी अधिकारियों ने इस बात की भी पुष्टि की है कि अब आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है, हालांकि, इस गोलीकांड के पीड़ितों की स्थिति के बारे में अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
अमेरिकी अधिकारी ने घटना के बारे में दी जानकारी
जेनेसी काउंटी के शेरिफ क्रिस स्वानसन ने इस घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने इस गोलीकांड के बाद इलाके को खाली कराने और घटनास्थल पर स्थानीय और अमेरिकी संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के मौजूद होने की बात की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, ‘पूरा चर्च आग की चपेट में है. यह एक काफी ज्वलंतशील मुद्दा है.’
उन्होंने इस बात का संकेत दिया है इस मामले को लेकर और अधिक जानकारी कुछ वक्त के बाद साझा की जाएगी, क्योंकि अभी इस मामले में कार्रवाई जारी है, इसलिए फिलहाल इस बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती है.
(इस खबर को अपडेट किया जा रहा है.)