US Shooting: ईरानी झंडे की टी-शर्ट पहनकर पब में घुसा… कर दी अंधाधुंध फायरिंग, हमले में 21 साल की भारतीय छात्रा की मौत


अमेरिका के ऑस्टिन टेक्सास में एक भीड़भाड़ वाले बार में गोलीबारी की गई. इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई, जिनमें 21 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्रा सविता शान भी शामिल थीं. पुलिस अब तक हमले के पीछे के मकसद को साफ नहीं कर पाई है, लेकिन संदिग्ध के ईरान से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है. एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर की पहचान 53 वर्षीय डियागा डियाग्ने के रूप में हुई है. घटना के समय वह ऐसे कपड़े पहने हुए था, जिन पर ईरान का झंडा बना था और Property of Allah लिखा हुआ था.

क्या इस गोलीबारी की वजह ईरान?

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) इस मामले में संभावित आतंकी संबंध की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि क्या इसका संबंध अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव से है. यह गोलीबारी रविवार (1 मार्च 2026) को ऑस्टिन के सिक्स्थ स्ट्रीट इलाके में हुई, जो बार और क्लबों के लिए मशहूर है और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के मुख्य कैंपस के पास स्थित है. रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर ने Buford’s Backyard Beer Garden के पास गाड़ी से गुजरते हुए फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस एनकाउंटर में हमलावर की मौत

पुलिस और FBI का कहना है कि हमलावर राइफल से लोगों पर गोलियां चला रहा था. वहां मौजूद कई छात्र जान बचाने के लिए भागे और छिप गए. बाद में पुलिस ने हमलावर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस और FBI ने कहा है कि अभी यह बताना जल्दबाजी होगी कि हमले के पीछे असली मकसद क्या था. यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष जिम डेविस के अनुसार, हमलावर ने जिस पिस्तौल और राइफल का इस्तेमाल किया, वे उसने कई साल पहले सैन एंटोनियो में कानूनी तौर पर खरीदी थीं.

सविता शान कौन थीं?

सविता शान 21 साल की भारतीय-अमेरिकी छात्रा थीं. वह यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही थीं. वह इस साल मई में ग्रेजुएट होने वाली थीं. मैककॉम्ब्स स्कूल ऑफ बिजनेस के एक प्रोफेसर ने उन्हें सुपरस्टार छात्रा बताया. असिस्टेंट प्रोफेसर रस फिनी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सविता कक्षा में हमेशा सक्रिय रहती थीं और छात्र संगठनों में भी हिस्सा लेती थीं. उन्होंने कहा कि उन्हें खोना बेहद दुखद है.

हमलावर के बारे में जानकारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डियागा डियाग्ने मूल रूप से सेनेगल का रहने वाला था. वह साल 2000 में बी-2 टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका आया था. छह साल बाद उसने एक अमेरिकी नागरिक से शादी की और कानूनी रूप से स्थायी निवासी (ग्रीन कार्ड धारक) बन गया. फिलहाल, जांच एजेंसियां हमले के कारण और संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच कर रही हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *