आसिम मुनीर का कट्टर विरोधी Ex-आर्मी अफसर पाकिस्तान में आंतकी घोषित, इमरान खान का करीबी होने की मिली सजा!


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान के समर्थक और आसिम मुनीर के कट्टर विरोधी पूर्व सेना अधिकारी आदिल राजा को देश के खिलाफ नैरेटिव फैलाने के आरोप में आतंकवादी घोषित कर दिया है. पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने इस हफ्ते कहा कि पाक सरकार ने आदिल राजा को एंटी-टेरेरिज्म एक्ट के तहत प्रतिबंधित व्यक्ति घोषित कर दिया है.

आदिल राजा पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी है, जो वर्तमान में ब्रिटेन-बेस्ड ब्लॉगर हैं और पाकिस्तान की राजनीति को लेकर यूट्यूब के जरिए टिप्पणी करते हैं. राजा पाक सरकार और सेना के कड़े आलोचक रहे हैं. आदिल राजा के खिलाफ यह भी आरोप लगाया जाता है कि वह पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर पक्षपाती रुख अपनाते हैं.

मोहसिन नकवी ने ब्रिटिश हाई कमिश्नर से की थी मुलाकात

अरब न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान के अधिकारियों का आरोप है कि आदिल राजा विदेश में बैठकर पाकिस्तान के खिलाफ प्रोपेगेंडा कैंपेन चला रहे थे. इसी कड़ी में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस महीने इस्लामाबाद में ब्रिटिश हाई कमिश्नर जेन मैरियट से मुलाकात कर आदिल राजा के प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेजों को औपचारिक रूप से सौंपा. हालांकि, ब्रिटेन सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने जारी किया बयान

पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने शनिवार (27 दिसंबर, 2025) को जारी किए एक बयान में कहा कि सरकार का मानना है कि आदिल राजा ऐसी गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं, जो पाकिस्तान की सुरक्षा, अखंडता और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं.

बयान में कहा गया, ‘उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का लगातार दुरुपयोग करते हुए प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े राष्ट्र-विरोधी नैरेटिव और प्रोपेगेंडा को बढ़ावा दिया, उसे सुविधाजनक बनाया और उसका विस्तार भी किया, जिससे पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा के खिलाफ कामों को अंजाम दिया गया. इसीलिए, एंटी-टेरेरिज्म एक्ट, 1997 की धारा 11EE के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान सरकार यह निर्देश देती है कि आदिल राजा को कानून की चौथी शेड्यूल में प्रतिबंधित व्यक्ति के रूप में शामिल किया जाए.’

यह भी पढ़ेंः ’36 घंटों में कम से कम 80 ड्रोन दागे’, पाकिस्तान के डिप्टी PM का बड़ा कबूलनामा- ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुआ नूर खान एयरबेस



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *