खत्म होगा ट्रेड वॉर? ट्रंप-जिनपिंग मीटिंग के बाद US-चीन संबंध नई ऊंचाईयों पर, पीट हेगसेथ बोले- पहले कभी नहीं थे ऐसे रिश्ते



अमेरिका और चीन के बीच रिश्तों में सुधार के संकेत मिले हैं. मलेशिया में हुई मुलाकात में अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन ने कहा कि दोनों देश अब आपसी बातचीत बढ़ाएंगे और रिश्तों को मजबूत करेंगे.

हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और हम दोनों मानते हैं कि अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से कहीं बेहतर हैं. दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ऐतिहासिक मुलाकात के बाद मेरी भी एडमिरल डोंग के साथ सकारात्मक बैठक हुई.”

उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने शांति, स्थिरता और अच्छे रिश्तों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है. हेगसेथ ने कहा कि ट्रंप की “G2 मीटिंग” ने अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय तक शांति और सहयोग की नींव रख दी है.

अमेरिकी रक्षा सचिव ने कही ये बड़ी बात

रक्षा सचिव ने कहा कि दोनों देशों ने तय किया है कि किसी भी विवाद या गलतफहमी को रोकने के लिए सीधे सैन्य संवाद (military-to-military communication) शुरू किया जाएगा.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हुई मुलाकात बहुत सफल रही. उन्होंने कहा कि इस बैठक से दोनों देशों के बीच “स्थायी शांति और सफलता” का रास्ता खुल गया है.

APEC सम्मेलन के दौरान हुई थी दोनों नेताओं का मुलाकात

दोनों नेताओं की यह मुलाकात दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में APEC सम्मेलन के दौरान हुई थी. ट्रंप ने बताया कि चीन ने अमेरिका से सोयाबीन और दूसरे कृषि उत्पादों की बड़ी मात्रा में खरीदारी करने का वादा किया है. उन्होंने कहा, “यह राष्ट्रपति शी का एक अच्छा और भरोसेमंद कदम है.”

इस मुलाकात को विशेषज्ञ दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास और सहयोग की दिशा में एक नया मोड़ मान रहे हैं, जो आने वाले समय में वैश्विक शांति और आर्थिक स्थिरता के लिए अहम साबित हो सकता है.

शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप ने उठाया बड़ा कदम

दक्षिण कोरिया में डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात में कई अहम फैसले लिए गए. दोनों देशों के बीच टैरिफ को लेकर समझौता हुआ, जिसमें ट्रंप ने घोषणा की कि चीन पर लगने वाले शुल्क को 57% से घटाकर 47% किया जाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति ने बैठक को शानदार बताया और कहा कि इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे. उन्होंने यह भी बताया कि चीन जल्द ही अमेरिकी सोयाबीन की खरीद दोबारा शुरू करेगा, जो हाल के महीनों में रुकी हुई थी. ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अमेरिकी किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और व्यापारिक संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा.

ये भी पढ़ें-

11 साल बाद साउथ कोरिया के राष्ट्रपति से मिले शी जिनपिंग, तानाशाह किम जोंग उन को लेकर क्या हुई बात?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *