अमेरिका ने एशिया में चीन, नॉर्थ कोरिया और रूस के नजदीक अपनी वायु सेना की ताकत को बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अमेरिकी वायु सेना ने उत्तरी जापान में स्थित मिसावा एयर बेस पर अपने पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान पहले परमानेंट F-35A को तैनात करना शुरू कर दिया है. मिलिट्री वॉच मैग्जीन की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 48 फाइटर जेट्स की तैनाती मिसावा एयरबेस पर तैनात चौथी पीढ़ी के 36 पुराने F-16CJ की जगह पर की जा रही है.
पांचवीं पीढ़ी के नए लड़ाकू विमानों की यह तैनाती पूर्वी एशिया में स्थायी रूप से तैनात अमेरिकी वायु सेना के सबसे बड़े फाइटर जेट्स के समूह का प्रतिनिधित्व करेगी, जो अमेरिकी वायु सेना के कॉम्बैट ताकत को और ज्यादा बढ़ा देगी, विशेष तौर पर चीन, उत्तर कोरिया और रूस के दूर पूर्वी इलाके के नजदीक. जापान में स्थित अमेरिका के मिसावा एयर बेस पर 35वें फाइटर विंग के एफ-16 फाइटर जेट्स को बदलने की योजना की पहली बार घोषणा जुलाई 2024 में की गई थी.
मिसावा एयर बेस पर पांचवीं पीढ़ी के एफ-35ए लड़ाकू विमानों की तैनाती पर 13वीं फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल जॉन विडमर ने कहा, ‘एफ-16 लड़ाकू विमानों के एफ-35 से बदले जाने से जिस चीज में सबसे ज्यादा प्रभाव होगा, उनमें से विमानों की स्टील्थ क्षमता निश्चित रूप से एक है.’
एयर डिफेंस सप्रेशन ऑपरेशन्स का एक्सपर्ट था F-16CJ
अमेरिकी वायुसेना के एफ-16 सीजे मुख्य रूप से एयर डिफेंस सप्रेशन ऑपरेशन्स का एक्सपर्ट कहा जाता था, इसके बारे में बोलते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल विडमर ने कहा कि एफ-35 इन क्षमताओं को कैसे बढ़ाएगा. वाइल्ड वीसल ऑपरेशन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ‘एफ-35 को विशेष तौर पर वाइल्ड वीसल प्लेटफॉर्म बनने के लिए बनाया गया था. जहां पुराने प्लेटफॉर्म वाइल्ड वीसल मिशन को जोड़-तोड़ करके सेंसर या हथियारों के साथ करते थे, एफ-35 को शुरू से ही एक सेंसर प्लेटफॉर्म के रूप में बनाया गया है, जिसमें सेंसर फ्यूजन और क्वार्टरबैक क्षमता शामिल है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे सेंसर पैकेज की मदद से हम खतरे का पता लगा सकते हैं और दुश्मन के बनाए किसी भी खतरे को आसानी से मैनेज कर सकते हैं. यह लगातार अपडेट हो रहा है और जैस-जैसे हम आगे बढ़ते हैं, यह वैसी जगह बन गई है जहां अगर कोई युद्ध की परिस्थिति बनती है तो मैं जाने की स्थिति में रहना चाहता हूं.’
यह भी पढ़ेंः Iran US War: ‘अमेरिका का एक और F-16 फाइटर जेट मार गिराया’, जंग के बीच ईरान का बड़ा दावा