India Bangladesh Border: पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकियां बनाने और कटीले तारों की बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को जमीन सौंपी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (28 मई 2026) को कहा कि पश्चिम बंगाल में नवगठित बीजेपी सरकार ने बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी के काम को मजबूत करने के लिए सात दिनों के भीतर BSF को 600 हेक्टेयर भूमि सौंप दी है.
चिकन नेक की जमीन BSP को सौंपी गई: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी ने राज्य में बॉर्डर पर बाड़ लगाने के काम में तेजी लाने के अपने चुनावी वादे को पूरा किया है. उन्होंने कहा, ‘हमने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि यदि आप हमें सत्ता सौंपते हैं तो हम कुछ ही दिनों के भीतर बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का काम शुरू कर देंगे.’ उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा, ‘मैं पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को महज सात दिनों के भीतर बीएसएफ को 600 हेक्टेयर भूमि सौंपने के लिए बधाई देना चाहता हूं. चिकन नेक क्षेत्र में 121 हेक्टेयर भूमि भी केंद्र सरकार को सौंप दी गई है.’
समय रहते अपने देश वापस लौटो: अमित शाह की चेतावनी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कदम को बीजेपी के व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंडे से जोड़ा और दावा किया कि बंगाल में सरकार परिवर्तन के बाद बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ पहले ही कम हो गई है. उन्होंने कहा, ‘पहले ममता बनर्जी के शासनकाल में हर दिन घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठिए खुद ही वापस लौटने लगे हैं. मैं घुसपैठियों से कहना चाहता हूं कि समय रहते खुद से अपने देश वापस लौट जाओ.’ केंद्रीय गृह मंत्री ने ये टिप्पणियां बीजेपी के देश भर में बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को उजागर करते हुए कीं. उन्होंने हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेतृत्व वाली सरकार को निर्णायक रूप से हराया था.
पूरे गंगा क्षेत्र में बीजेपी का भगवा झंडा: अमित शाह
उन्होंने कहा, ‘आज बीजेपी देश के 80 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र में शासन कर रही है. हाल ही में बंगाल में चुनाव हुए, जहां दीदी की सरकार पूरी तरह से साफ हो गई. गृह मंत्री अमित शाह ने ये भी कहा कि बीजेपी का ‘भगवा झंडा’ अब पूरे गंगा क्षेत्र में उत्तराखंड से गंगासागर तक लहरा रहा है. यह भाषण अमित शाह के गांधीनगर दौरे के दौरान दिया गया, जहां वे कई विकास कार्यक्रमों में भाग लेने आए थे, जिनमें कलोल और गांधीनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं का उद्घाटन, सौंदर्याकृती आंगनबाड़ी केंद्र और ग्राम विकास परियोजनाएं शामिल थीं.
ये भी पढे़ं : कर्नाटक: सिद्धारमैया का सीएम पद से इस्तीफा, राज्यसभा का पद ठुकराया, अब उनके लिए आगे क्या?