बांग्लादेश में जारी तनाव और हिंसक प्रदर्शन के बीच बुधवार देर शाम राजधानी ढाका में एक बम धमाके की खबर है. इस धमाके में कई लोगों के घायल होने की खबर है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है. धमाका ढाका के मोगबाजार में हुआ है. बताया गया है कि कुछ उपद्रवियों ने बम फेंके और फरार हो गए. इस हादसे में जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसका नाम सियाम है. किसी भी संगठन या आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है.
बांग्लादेश के मीडिया चैनल Somoy TV के मुताबिक, राजधानी के मोगबाजार में फ्लाइओवर से कॉकटेल फेंकने की घटना हुई है. वह कॉकटेल फट गया. इससे फ्लाईओवर के नीचे मौजूद एक अज्ञात युवक की मौत हो गई.
स्वतंत्रता सेनानी स्मारक के पास हुआ विस्फोट
धमाका 24 दिसंबर की शाम को मोगबाजार स्वंत्तरता सेनानी स्मारक के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुआ है. बांग्लादेश के बीएनपी के लीडर तारिक रहमान की लंदन से वापसी से एक दिन पहले यह घटना सामने आई है.
Bomb Blast reported in Maghbazar area of Dhaka in Bangladesh….
Its Started…#Dhaka #BombBlast pic.twitter.com/BFD87QCEkh— Nostayug (@nostayug) December 24, 2025
पुलिस जांच में जुटी, इलाके की घेराबंदी की गई
स्थानीय मीडिया को ढाका महानगर पुलिस के रामना डिवीजन के उप आयुक्त मसूद आलम ने बताया कि शुरुआती जांच में माना गया है कि बम फ्लाईओवर के ऊपर से नीचे फेंका गया. विस्फोट की वजह की पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच की जा रही है. उपद्रवियों को भी तलाशा जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम में उपद्रवी फरार हो गए. उनकी अबतक किसी तरह की पहचान नहीं हो सकी. घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात हो गया. इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है.
चश्मदीद ने क्या बताया?
चश्मदीदों ने बताया कि शाम को फ्लाईओवर के ऊपर से बम फेंका गया. बम फटने पर सियाम गंभीर रूप से घायल हो गया. वह पूरी तरह से खून से लथपथ था. कुछ देर में उसकी मौत हो गई. मृतक के परिजन का कहना है कि मृतक एक कारखाने में काम करता था. घटना के समय वह उसी इलाके में था.