विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार (18 जून) को बताया कि भारत और अमेरिका अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं. यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच G7 समिट के दौरान हुई बातचीत के एक दिन बाद कही गई है.
विक्रम मिसरी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अमेरिका के साथ हमने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने की दिशा में काफी प्रगति की है. हम उस समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं.” उन्होंने यह भी बताया कि बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे.
मिसरी ने बताया कि मोदी और ट्रंप की बैठक में प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर भी चर्चा हुई और दोनों नेताओं ने इसे जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है. यह बात तब सामने आई जब ट्रंप ने कहा कि दोनों देश लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं. पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री को सबसे सख्त बातचीत करने वालों में एक बताया और कहा कि इस पर कुछ समय से बातचीत चल रही थी.
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमारी भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. हम ट्रेड डील कर रहे हैं, कई काम कर रहे हैं. अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है.” ट्रंप ने अमेरिका में भारतीय निवेश को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं. वह अमेरिका में काफी पैसा खर्च कर रहे हैं.”
भारत-UK ट्रेड डील
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को 15 जुलाई से लागू होने वाले भारत-UK कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) का स्वागत किया. उन्होंने इसे दोनों देशों के आपसी रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर और व्यापार व निवेश को बढ़ावा देने वाला बड़ा कदम बताया है. एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगा और अहम सेक्टरों में नए मौके पैदा करेगा.
ये भी पढ़ें
Iran-US Deal: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता, किन मुद्दों पर बनी सहमति?