लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद गिरफ्तार, ISI के इशारे पर रच रहा था भारत के खिलाफ साजिश, जानें बांग्लादेश कनेक्शन


दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन लश्कर ए तैयाबा से जुड़े एक अहम हैंडलर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान शब्बीर अहमद लोन के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक वह बांग्लादेश से नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था और भारत में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर उन्हें आतंकी संगठन में भर्ती कराने की कोशिश कर रहा था.

स्पेशल सेल की टीम ने 29 मार्च की रात उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर के इलाके में छापा मारकर शब्बीर लोन को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि हाल ही में जिस लश्कर मॉड्यूल का खुलासा हुआ था, शब्बीर लोन उसी का मुख्य साजिशकर्ता और हैंडलर है.

नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ

जांच में सामने आया है कि शब्बीर लोन भारत में सीधे नहीं आया, बल्कि नेपाल बॉर्डर के रास्ते चोरी-छिपे देश में दाखिल हुआ था. इसके बाद वह दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहकर आतंकी संगठन के लिए नए लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहा था. पुलिस के मुताबिक उसे पाकिस्तान में बैठे लश्कर के हैंडलरों से लगातार निर्देश मिल रहे थे. ये लोग भारत में अपने नेटवर्क को मजबूत करने और नए युवाओं को संगठन में शामिल कराने की साजिश रच रहे थे.

सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप से करता था संपर्क

पूछताछ में यह भी पता चला है कि शबीर लोन एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क करता था. वह उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की तरफ आकर्षित कर आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए उकसाने की कोशिश करता था. जांच एजेंसियों का मानना है कि उसका मकसद भारत में एक नया नेटवर्क तैयार करना था, ताकि भविष्य में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके.

पहले भी कई मामलों में हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शबीर लोन पहले भी आतंक से जुड़े मामलों में गिरफ्तार हो चुका है. साल 2007 में उसे गैरकानूनी गतिविधियों और विस्फोटक पदार्थ से जुड़े मामलों में पकड़ा गया था. उस समय उसके पास से हथियार भी बरामद हुए थे और उसे करीब छह साल की सजा हुई थी. जेल से रिहा होने के बाद भी वह आतंकी नेटवर्क से जुड़ा रहा और बाद में फिर से सक्रिय होकर संगठन के लिए काम करने लगा.

गिरफ्तारी के समय क्या-क्या मिला

जब पुलिस ने शब्बीर लोन को पकड़ा तो उसके पास से कई देशों की मुद्रा और अन्य सामान बरामद हुआ. इनमें बांग्लादेशी टका, पाकिस्तानी रुपये, नेपाली और भारतीय मुद्रा शामिल है. इसके अलावा एक नेपाली सिम कार्ड, मोबाइल फोन, आधार कार्ड की कॉपी और कपड़ों से भरा एक बैग भी बरामद हुआ है.

कई आतंकी हैंडलरों से जुड़े थे तार

जांच में यह भी सामने आया है कि शब्बीर लोन के संपर्क पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे कई आतंकी हैंडलरों से थे. इन लोगों के जरिए वह भारत में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश कर रहा था.

दिल्ली और अन्य राज्यों में नेटवर्क बनाने की साजिश

जांच एजेंसियों के मुताबिक शब्बीर लोन का मकसद सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं था. वह देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं को जोड़कर एक बड़ा नेटवर्क तैयार करना चाहता था.फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *