Iran-US War: ‘भुगतना होगा परिणाम…’, लेबनान में सैन्य कार्रवाई को लेकर भड़का ईरान, अमेरिका को दी चेतावनी


ईरान के शीर्ष नेताओं ने अमेरिका और इजरायल पर युद्धविराम समझौते के पालन में विफल रहने का आरोप लगाया है. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बकर ग़ालीबाफ़ और विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की.

मोहम्मद बकर ग़ालीबाफ़ ने कहा कि नौसैनिक नाकाबंदी और लेबनान के खिलाफ बढ़ती सैन्य कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संकेत है कि अमेरिका युद्धविराम को लागू कराने में असफल रहा है. उन्होंने कहा कि हर फैसले की एक कीमत होती है और अंततः उसका हिसाब चुकाना पड़ता है. उनके अनुसार, समय आने पर सभी घटनाओं का उचित परिणाम सामने आएगा.

ये भी पढ़ें: इशाक डार के सामने यूरोपीय यूनियन ने दिया ज्ञान, कहा- क्षेत्रीय स्थिरता के लिए पाकिस्तान…

ईरान-अमेरिका के बीच युद्धविराम

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच हुआ युद्धविराम सभी मोर्चों पर लागू होता है, जिसमें लेबनान भी शामिल है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक क्षेत्र में युद्धविराम का उल्लंघन पूरे समझौते का उल्लंघन माना जाएगा. अराघची ने अपने बयान में कहा कि अगर किसी भी मोर्चे पर युद्धविराम तोड़ा जाता है, तो उसके परिणामों की जिम्मेदारी अमेरिका और इज़राइल की होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि युद्धविराम के नियमों का पालन सभी पक्षों के लिए समान रूप से जरूरी है और किसी भी तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकती है.

मिडिल ईस्ट की स्थिति पर दुनिया की नजर

ईरान के इन बयानों के बाद मिडिल ईस्ट की स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है. क्षेत्र में पहले से मौजूद जंग के बीच युद्धविराम को लेकर बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप आने वाले दिनों में कूटनीतिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: ‘ईरान से डील अमेरिका के फायदेमंद’, तेहरान से बातचीत के बीच बोले ट्रंप, डेमोक्रेट्स से कहा- चुपचाप बैठो और…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *