कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार (15 जून 2026) को छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से 17 जून को राजस्थान के कोटा में होने वाले स्टूडेंट्स इको (छात्रों की गूंज) प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि बार-बार परीक्षा के पेपर लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और सरकारी भर्तियों में देरी की वजह से देश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि आज के भारत में युवाओं को बड़े सपने देखने की कीमत चुकानी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि केवल मेहनत करना अब सफलता की गारंटी नहीं रह गया है. उनके अनुसार, हर पेपर लीक, हर रद्द हुई परीक्षा और हर रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया केवल एक प्रशासनिक समस्या नहीं है, बल्कि यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है, जिससे लाखों छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचता है.
देश के हर युवा से मेरी एक बात – आज इस देश में मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सज़ा मिलती है।
हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा, हर अधूरी भर्ती – सिर्फ़ सिस्टम की विफलता नहीं, लाखों सपनों पर प्रहार है।
मैं जानता हूँ आप थक चुके हैं। ग़ुस्से में हैं। पर याद रखिए – जब सरकार सुनने को… pic.twitter.com/5DDromfxmR
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 15, 2026
ये भी पढ़ें: RG Kar Rape and Murder Case: दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले की दोबारा जांच के लिए सीबीआई अस्पताल पहुंची
देश के युवाओं में निराशा और गुस्सा- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं में निराशा और गुस्सा बढ़ रहा है. उनका कहना था कि जब सरकार लोगों की बात सुनने को तैयार नहीं होती, तब अपनी आवाज को और मजबूत तरीके से उठाना जरूरी हो जाता है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे कोटा में एकजुट होकर अपनी बात रखें ताकि उनकी चिंताओं को नजरअंदाज करना संभव न हो. राहुल गांधी ने कहा, “आइए, हम सब मिलकर ऐसी आवाज बनें जिसे कोई नजरअंदाज न कर सके. यह आवाज कोटा से शुरू होकर देश के हर कोने तक पहुंचे.” उन्होंने इस अभियान को देश के युवाओं के भविष्य की लड़ाई बताया.
परीक्षा में गड़बड़ी पेपर लीक को लेकर कांग्रेस उठा रही सवाल
कांग्रेस लंबे समय से परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बना रही है. पार्टी का कहना है कि इन समस्याओं का सबसे ज्यादा असर छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं पर पड़ रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि वह बेहतर शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों की मांग को लेकर युवाओं के साथ खड़े हैं.
17 जून का यह कार्यक्रम राजस्थान के कोटा स्थित दशहरा मैदान के श्री राम रंगमंच में आयोजित किया जाएगा. यह शिक्षा बचाओ, अपना भविष्य बचाओ अभियान के तहत देशभर में चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की पहली कड़ी होगी. इस अभियान के अगले कार्यक्रम 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे. इसी बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से भी देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं. यह संगठन नीट पेपर लीक, CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से जुड़ी कथित समस्याओं और परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है.
बेंगलुरु में CJP का प्रदर्शन
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में रविवार को आयोजित CJP के एक प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राजभी छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए. इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके भी मौजूद थे. प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रकाश राज ने कहा कि देश के युवाओं ने अपने भविष्य के लिए आवाज उठाने का फैसला किया है और वे व्यवस्था से अधिक जवाबदेही की मांग कर रहे हैं. हैदराबाद, दिल्ली और पुणे में भी इसी तरह के प्रदर्शन आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में सोनम वांगचुक ने कहा कि इस अभियान का मकसद राजनीतिक शक्ति हासिल करना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता बढ़ाना और छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना है.