अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार (18 जून) को उन लोगों पर निशाना साधा, जो ईरान के साथ शांति समझौते का विरोध कर रहे थे. उन्होंने कहा कि तेल अवीव हर समस्या का समाधान सिर्फ मार-काट से नहीं निकाल सकता. अमेरिका-ईरान पीस डील का बचाव करते हुए वेंस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही इजरायल के एकमात्र सहयोगी हैं.
व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में इजरायल को समझाते हुए वेंस ने कहा कि डोनाल्ड जे. ट्रंप दुनिया के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो इस समय इजरायल के प्रति सहानुभूति रखते हैं. अगर मैं इजरायली कैबिनेट में होता तो मैं दुनिया में बचे अपने एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी पर हमला नहीं करता.
जेडी वेंस ने इजरायली सरकार के कैबिनेट सदस्यों को याद दिलाया कि इजरायल के दो-तिहाई रक्षा हथियार अमेरिका में बने हैं और उनके लिए अमेरिकी टैक्स के पैसे का इस्तेमाल हुआ है. वेंस ने कहा, “इजरायल के लिए समस्या डोनाल्ड जे. ट्रंप नहीं हैं. इजरायल में जो कोई भी यह सोचता है कि उनकी सबसे बड़ी समस्या अमेरिका के राष्ट्रपति हैं, उन्हें जागने और देश की असल स्थिति को समझने की जरूरत है.”
मार-काट से हल नहीं निकलता- वेंस
न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में वेंस ने अमेरिका-ईरान शांति समझौते का विरोध करने पर इजरायल के सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर और वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच की कड़ी आलोचना की. वेंस ने कहा, “आपका असल प्रस्ताव क्या है? आप 90 लाख लोगों का देश हैं. आप राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हर समस्या को सिर्फ मार-काट के जरिए हल नहीं कर सकते.”
हायतौबा पर शॉक में जेडी वेंस
जेडी वेंस ने कहा, “मुझे इजरायल में मची यह खलबली थोड़ी अजीब लगती है, क्योंकि मुझे लगता है कि यह अविश्वास की वजह से है और मेरा मानना है कि अमेरिका ने दुनिया के उस इलाके का भरोसा जीता है.” वेंस ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए इस हफ़्ते हुई उस डील का बचाव कर रहे थे, जिसकी अमेरिका और इजरायल में आलोचना हो रही है. आलोचकों का कहना है कि यह डील ईरान के मिसाइल प्रोग्राम को रोकने में नाकाम रही है और इसमें न्यूक्लियर ठिकानों को खत्म करने का कोई साफ प्रावधान नहीं किया गया है.
वेंस की टिप्पणी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने पश्चिम एशिया में सभी से बातचीत जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने की अपील की है. ट्रंप ने लिखा, “हम लेबनान, हिजबुल्लाह और इजरायल सहित सभी मोर्चों पर पूर्ण युद्धविराम की उम्मीद करते हैं.”
ये भी पढ़ें
हजारों बम भी नहीं झुका पाए! बातचीत की मेज पर USA को मात दे गया ईरान? ट्रंप का पुराना बयान वायरल