रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए हंगरी की यात्रा कर सकते हैं. दोनों देशों के राष्ट्रपतियों की होने वाली इस मुलाकात में यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर बातचीत होने की उम्मीद है. हालांकि, पुतिन ऐसे समय पर यात्रा करने वाले हैं जब उनके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने गिरफ्तारी का वारंट जारी कर रखा है.
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और राष्ट्रपति पुतिन के बीच गुरुवार (16 अक्टूबर, 2025) की हुई बातचीत को लेकर क्रेमलिन ने आधिकारिक बयान जारी किया है. क्रेमलिन ने कहा है कि ट्रंप और पुतिन की फोन कॉल पर हुई बातचीत की जानकारी मीडिया में साझा नहीं की जाएगी. हालांकि, इस कॉल के दौरान पुतिन ने ट्रंप से कहा है कि रूस यूक्रेन से समझौता करने के लिए तैयार है.
दो हफ्ते में या बाद में हो सकती है ट्रंप-पुतिन की मुलाकात
क्रेमनिल ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाला शिखर सम्मेलन अगले दो हफ्ते में या उसके बाद हो सकता है. रूस की ओर से यह बयान उस वक्त आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से व्हाइट हाउस में मुलाकात तय है. इस बीच वॉशिंगटन कीव को टॉमहॉक्स क्रूज मिसाइल देने पर भी विचार कर रहा है.
सर्गेई लावरोव और मार्को रुबियो को करनी होगी बातचीत
क्रेमलिन के प्रवक्ता डिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पहले बातचीत कर बैठक की रुपरेखा तय करनी होगी. उन्होंने कहा, ‘बहुत सार मुद्दे हैं, जिन पर बात करनी होगी. वार्ता के लिए टीमों का गठन करना होगा और कई चरणों में काम आगे बढ़ेगा. लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों राष्ट्रपतियों की इच्छा इस शिखर सम्मेलन को आगे बढ़ाने की है. यह शिखर सम्मेलन अगले दो हफ्तों में या उसके थोड़ी देर बाद हो सकता है. यह एक आम समझ है कि किसी भी चीज को टालना नहीं चाहिए.’
पुतिन के साथ बैठक को लेकर बोले डोनाल्ड ट्रंप
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली बैठक को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (16 अक्टूबर, 2025) को किए एक पोस्ट में कहा था, ‘बैठक के लिए जगह तय किया जाना है. राष्ट्रपति पुतिन और मैं फिर एक तय स्थान बुडापेस्ट, हंगरी में मिलेंगे ताकि देखेंगे की क्या हम रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे इस युद्ध को खत्म कर सकते हैं. मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की से कल शुक्रवार (17 अक्टूबर, 2025) को ओवल ऑफिस में मिलूंगा, जहां हम राष्ट्रपति पुतिन के साथ हुई मेरी बातचीत के साथ कई अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे.’
यह भी पढ़ेंः ‘अफवाहों पर भरोसा न करें…’ सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले पर सिंगापुर पुलिस का आया बयान, जानें क्या कुछ बताया