इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की. यह घटना वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर लैंडिंग के दौरान हुई. अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट शनिवार (29 मार्च 2026) की रात करीब 10:20 बजे बेंगलुरु से वाराणसी आ रही थी और लैंड करने वाली थी. तभी एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट का बटन दबाने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा हवा में ले गया, जिससे किसी भी बड़े खतरे को टाल दिया गया.
घटना के कुछ मिनट बाद विमान को सुरक्षित तरीके से करीब 10:35 बजे उतार लिया गया. इस दौरान विमान में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों के बीच घबराहट का माहौल बन गया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 26 साल के मोहम्मद अदनान के रूप में हुई है. बताया गया कि उसने उड़ान भरने के कुछ देर बाद भी इमरजेंसी गेट के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय केबिन क्रू ने उसे रोक लिया था और समझा-बुझाकर शांत किया था.
CISF के हवाले हुआ आरोपी
लैंडिंग के बाद आरोपी को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया. पहले एयरलाइन की सुरक्षा टीम और Central Industrial Security Force (CISF) ने उसे हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले अजीब दावा किया कि वह भूत के असर में था, लेकिन बाद में उसने कहा कि उसे यह नहीं पता था कि इमरजेंसी बटन दबाने से दरवाजा खुल सकता है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लोगों की जान को खतरे में डालने की धारा के तहत केस दर्ज किया है. पूछताछ के बाद उसे नोटिस देकर उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.