ओमान की खाड़ी में भारतीय जहाजों पर मिसाइल हमले क्यों कर रहा अमेरिका? पिछले 4 दिनों में तीन बार किया अटैक


Why US Attack on Indian Oil Tanker: ओमान की खाड़ी में भारतीय क्रू वाले जहाज पर आखिर क्यों हो रहे हैं एक के बाद एक अटैक. भारत का सामरिक पार्टनर माने जाने वाला अमेरिका आखिर क्यों कर रहा है भारतीय जहाज पर मिसाइल अटैक कि भारतीय नागरिकों की जा रही है जान. ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग में, पिछले चार दिनों में तीन भारतीय जहाजों को निशाना बनाया जाना महज इत्तेफाक है या कोई गहरी साजिश.

सिलसिलेवार तरीके से जानें पूरा घटनाक्रम

गुरूवार यानी 11 जून को ओमान की खाड़ी से आई एक बुरी खबर. खबर ये कि 9 जून को जिस एमटी स्टेबेलो जहाज पर अमेरिका ने मिसाइल अटैक किया था, उसके तीन क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है. ये तीनों अमेरिकी नौसेना के हमले के बाद से लापता थे. इन हमले को लेकर भारत सरकार ने कड़ा रूख अपनाया है. भारत के विदेश मंत्रालय ने राजधानी दिल्ली स्थित यूएस एंबेसी के उच्च अधिकारियों को तलब कर घटना को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. इन हमलों में मारे जाने वाले तीन भारतीयों में से एक की पहचान हिमाचल प्रदेश के 23 साल के आदित्य शर्मा के तौर पर हुई जो एमटी स्टेबेलो जहाज में डेक-कैडेट के तौर पर कार्यरत थे. बाकी दो की पहचान इंजीनियर पी सुरेश और इंजन फिटर शिवनांद चौरसिया के तौर पर हुई. शिपिंग एंड पोर्ट्स मंत्री सर्बानंद सोनवाल ने खुद तीनों भारतीयों के मौत की पुष्टि की और घटना पर दुख जताया. भारत ने अमेरिका से आपत्ति इसलिए दर्ज कराई है, क्योंकि यूएस सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM ने इस जहाज पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए ड्रोन फुटेज जारी की.

8 जून को अमेरिका ने एक अन्य जहाज एमटी मैरीवेक्स पर हमला किया था

सोमवार यानी 8 जून को भी अमेरिका ने एक अन्य जहाज MT MARIVEX (एमटी मैरीवेक्स) पर हमला किया था. अमेरिका का दावा था कि पलाऊ देश के फ्लैग लगे इस जहाज पर प्रतिबंध लगा था. उसके बावजूद भी ये बिना अनुमति के ओमान के मासिरह पोर्ट पर ऑपरेशन कर रहा था. इस जहाज पर भी 24 भारतीय क्रू-मेंबर्स मौजूद थे और ओमान की कोस्टगार्ड के जरिए सभी को सुरक्षित बचाया गया था. इंडियन कोस्टगार्ड ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए ओमान की सरकार से जरूरी कॉर्डिनेशन किया था.

अभी पूरा देश एमटी स्टेबेलो की घटना से उबरा भी नहीं था कि ओमान के शिनास पोर्ट के करीब एक और जहाज एमटी जलवीर पर हमले की खबर सामने आई. गुयाना के फ्लैग वाला ये जहाज महाराष्ट्र के डिगी पोर्ट से शिनास जा रहा था. इस पर भी भारतीय क्रू मौजूद था. हमले के बाद जहाज के कैप्टन ने SOS मैसेज जारी कर मदद की गुहार लगाई. मदद का वीडियो भी सामने आया, जिसमें जहाज के कैप्टन ने सभी क्रू मेंबर्स के सुरक्षित होने की पुष्टि की.

यह भी पढ़ें : भारत के दोस्तों को धमका रहा पाकिस्तान का बेस्ट फ्रेंड तुर्किए, कहा- ‘आग भड़काई तो…’

जानकारी के मुताबिक, हमले के बाद इस जहाज के इंजन रूम में आग लगी थी. समंदर में धुआं निकलते जहाज का वीडियो भी सामने आया. हालांकि, ये साफ नहीं है कि हमला ईरान ने किया या अमेरिका ने. क्योंकि ओमान की खाड़ी में यूएस नेवी की एक बड़ी तैनाती है और यहां से गुजरने वाले सभी जहाजों के लिए ब्लॉकेड यानी नाकेबंदी लगा रखी है.ऐसे में यहां से गुजरने वाले जहाजों को यूएस नेवी से परमिशन लेनी पड़ती है. पिछले महीने ईरान ने भी होर्मुज स्ट्रेट के साथ साथ ओमान की खाड़ी को अपना निगरानी क्षेत्र घोषित कर एक नया नक्शा जारी किया था. ईरान ने होर्मुज और और यहां से गुजरने वाले जहाज को IRGC से परमिशन लेना जरुरी बताया था.

जी-7 का शिखर सम्मेलन फ्रांस में होने वाला है

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब अगले हफ्ते 16 और 17 जून को दुनिया के विकसित देश माने जाने वाले देशों के समूह जी-7 का शिखर सम्मेलन फ्रांस में होने जा रहा है. इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाने वाले हैं. इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शिरकत करेंगे. लेकिन दोनों की सम्मेलन से इतर मुलाकात को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. अगर मुलाकात होती है तो, ऑपरेशन सिंदूर के बाद मोदी और ट्रंप की ये पहली मुलाकात होगी. ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और अमेरिका के संबंधों में जबरदस्त तल्खी आ गई थी. इसी के चलते भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है. ट्रंप के दोस्त और दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन एलन मस्क के स्टारलिंक की मंजूरी भी अधर में अटकी हुई है. पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के भारत दौरे से भी दोनों देशों के संबंध पूरी तरह से पटरी पर नहीं आ पाए हैं. ऐसे में भारतीय जहाजों पर अमेरिकी अटैक ने दोनों देशों के संबंधों में आई दरार को बढ़ाने का काम किया है.

ये भी पढ़ें : ओमान में एक और जहाज पर हमला, MT जलवीर में आग, शिप पर भारतीय फंसे, 3 दिन में तीसरा अटैक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *