‘तुम सिर्फ मुझे गोली मार सकते हो…’, पाकिस्तान में ऑनर किलिंग से पहले ये थे लड़की के आखिरी शब्द


पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक प्रेमी जोड़े की बेरहमी से हत्या कर दी गई. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना को लेकर पाकिस्तान समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुस्सा फूट पड़ा है और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग उठ रही है.

वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि एक SUV और कुछ पिकअप ट्रकों से लोग क्वेटा के पास एक सुनसान इलाके में आते हैं. वहां से एक युवक और युवती को नीचे उतारा जाता है. महिला ने सिर पर चादर ओढ़ रखी है. उसे कुरान शरीफ की एक प्रति दी जाती है. कुरान को हाथ में लेकर वह पहाड़ी की ओर चलने लगती है. आसपास खड़ी भीड़ उसे देखती रहती है. स्थानीय ब्राहवी बोली में वह एक शख्स से कहती है, “मेरे साथ सात कदम चलो, फिर मुझे गोली मार देना.” इसके बाद वह आगे कहती है, “तुम सिर्फ मुझे गोली मार सकते हो, इससे ज्यादा कुछ नहीं.”

पिस्तौल से मारी कई गोलियां

वीडियो में देखा गया कि वह शख्स युवती के पीछे कुछ दूर तक चलता है और फिर पास से पिस्तौल से कई गोलियां चलाता है. तीसरी गोली के बाद युवती गिर जाती है. इसके बाद युवक को भी गोली मारी जाती है. दोनों की मौके पर ही मौत हो जाती है, जबकि वहां मौजूद लोग खुशी जताते दिखते हैं.

पुलिस ने 13 लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, इस हत्या का आदेश एक स्थानीय कबीलाई प्रमुख सरदार सतकजई ने दिया था. लड़की के भाई ने उसकी शादी से नाराज होकर सरदार से शिकायत की थी, जिसके बाद यह खौफनाक घटना घटी. पुलिस ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कबीलाई प्रमुख और लड़की का भाई भी शामिल हैं.

पाकिस्तान में 2024 में ऑनर किलिंग के 405 मामले दर्ज

मानवाधिकार आयोग के अनुसार, पाकिस्तान में साल 2024 में ऑनर किलिंग के कम से कम 405 मामले दर्ज हुए थे. हालांकि, कार्यकर्ताओं का मानना है कि असल आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है, क्योंकि कई मामले रिपोर्ट ही नहीं होते.

ये भी पढ़ें-

US-Turkey Relations: ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को हथियार देने वाले तुर्किए को अमेरिका का झटका, अब फाइटर जेट के लिए किसके पास पहुंचे ‘खलीफा’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *