उत्तर कोरिया के तनाशाह किम जोंग उन ने नए साल के मौके पर बुधवार (31 दिसंबर 2025) को प्योंगयांग में आयोजित भव्य समारोह में भाग लिया. यह आयोजन राजधानी के प्रसिद्ध मेडे स्टेडियम में हुआ, जहां करीब डेढ़ लाख लोग मौजूद थे. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने गुरुवार को इस कार्यक्रम की जानकारी सार्वजनिक की. नए साल के इस कार्यक्रम को उत्तर कोरिया में शक्ति प्रदर्शन और एकजुटता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है.
इस समारोह की सबसे खास बात यह रही कि किम जोंग उन की पत्नी री सोल जू भी कार्यक्रम में नजर आईं. वह कई महीनों से सरकारी मीडिया या सार्वजनिक आयोजनों में दिखाई नहीं दी थीं, इसलिए उनकी मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान खींचा. उत्तर कोरियाई टीवी फुटेज में री सोल जू को स्टेडियम में समारोह का आनंद लेते हुए देखा गया.
बेटी के साथ पारिवारिक पल भी कैमरे में कैद
समारोह के दौरान किम जोंग उन की बेटी भी उनके साथ मौजूद थी. वह किम और उनकी पत्नी के बीच बैठी नजर आईं. पिछले कुछ समय से किम की बेटी को उत्तर कोरिया की राजनीति और नेतृत्व से जोड़कर देखा जा रहा है. किम जोंग उन ने कार्यक्रम में दिए संबोधन में यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहे उत्तर कोरियाई सैनिकों का उल्लेख किया. हालांकि, सरकारी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की.

वर्कर्स पार्टी की अहम बैठक की तैयारी
उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया की एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बैठक की तैयारियां चल रही हैं. इसे पार्टी की नौवीं कांग्रेस बताया जा रहा है, लेकिन इसकी तारीख को लेकर अब तक बाहरी दुनिया को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.