बकरीद से पहले दिल्ली में फ्लैग मार्च, यूपी में ड्रोन से निगरानी और बंगाल में ईद की नमाज में बड़ा बदलाव, जानें देशभर में कहां कैसी तैयारी


ईद-उल-जुहा (बकरीद) से पहले देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटा जा सके. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हौज काजी चौक पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया, जबकि अन्य संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है. पूरी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

वहीं पश्चिम बंगाल में इस बार कुछ बदलाव देखने को मिले हैं. मुर्शिदाबाद में ईद की नमाज़ को रेड रोड की बजाय ब्रिगेड ग्राउंड में शिफ्ट किया गया है, जिस पर स्थानीय नेताओं ने नाराज़गी जताई है. एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने सवाल उठाया कि जब दोनों ही स्थान केंद्र सरकार के अधीन हैं, तो रेड रोड पर अनुमति क्यों नहीं दी गई.

यूपी में ड्रोन से निगरानी

उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं. योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सड़कों पर नमाज़ की अनुमति नहीं होगी और जरूरत पड़ने पर पालियों में नमाज़ पढ़ी जाए. लखनऊ, वाराणसी, संभल और आगरा जैसे शहरों में क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है.

इसके अलावा गुजरात में भी पुलिस अलर्ट पर है. राज्य के डीजीपी के.एल.एन. राव ने सभी जिलों में कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं. सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.

बिहार में प्रशासन अलर्ट

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बकरीद के अवसर पर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, डीआईजी तथा आईजी को त्योहार के मद्देनजर पूरी तैयारी रखने को कहा. उन्होंने जोर दिया कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होना चाहिए, इसलिए असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी सख्त निगरानी की जाए.

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने निर्देश दिया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व को शांति से संपन्न कराया जाए. उन्होंने कहा कि कुर्बानी स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस और दंगा नियंत्रण बल के जवान तैनात रहेंगे और नियमित गश्त करेंगे. साथ ही उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उन्हें एहतियातन हिरासत में लेने और सभी थानों में गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. देशभर में बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और जन-जागरूकता के स्तर पर व्यापक तैयारियां की हैं.

ये भी पढ़ें: ‘जब मैं पहली बार बना था सीएम…’, भावुक हुए सिद्धारमैया, बोले- आलाकमान को दी जुबान, अब करेंगे सम्मान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *